जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने नववर्ष पर क्षेत्रवासियों को दी शुभकामनाएं, क्या कहा?

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (1 जनवरी 2025): जेवर क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक धीरेंद्र सिंह ने नववर्ष के अवसर पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए 2025 को विकास और समाधान का वर्ष बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य जेवर को विश्व पटल पर स्थापित करना और इसे एक विकसित क्षेत्र के रूप में पहचान दिलाना है।

धीरेंद्र सिंह ने कहा, “2024 में मेरी पूरी कोशिश रही कि जेवर को एक खुशहाल और विकसित क्षेत्र बनाया जाए। यह क्षेत्र न केवल देश में बल्कि दुनिया में भी अपनी पहचान बनाए, इसके लिए हमने कई महत्वपूर्ण प्रयास किए हैं और आगे भी करते रहेंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र के विकास और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए उनकी प्रतिबद्धता अटूट है।

विधायक ने गौतम बुद्ध नगर के किसानों के लिए नई सौगात की घोषणा की। उन्होंने बताया कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा के किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए शासन और सरकार के स्तर पर गंभीर वार्ता हुई है। उन्होंने कहा, “किसानों की अधिकांश समस्याओं का समाधान शीघ्र ही होगा। यह समस्याएं जो पूर्ववर्ती सरकारों की देन थीं, अब उनका निस्तारण हमारी सरकार करने जा रही है।”

धीरेंद्र सिंह ने बताया कि किसानों के हित में किए गए इन कार्यों में सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा, “मैं इस नववर्ष पर अपने किसान भाइयों को भरोसा दिलाता हूं कि उनकी समस्याओं का समाधान 2025 में उन्हें नई सौगात के रूप में मिलेगा।”

विधायक ने सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं (ईडब्ल्यूएस) की समस्याओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ग के युवाओं को आयु सीमा में छूट न मिल पाने की समस्या को मुख्यमंत्री के समक्ष मजबूती से रखा गया है। उन्होंने कहा, “हमने मुख्यमंत्री को विस्तार से समझाया है कि इस कदम से असंख्य युवाओं के भविष्य का निर्माण हो सकता है। जिस तरह एससी, एसटी, और ओबीसी वर्ग को लाभ मिलता है, उसी प्रकार सामान्य वर्ग के गरीबों को भी इसका लाभ मिलना चाहिए।”

धीरेंद्र सिंह ने विश्वास दिलाया कि वर्षों से लंबित इन समस्याओं का जल्द ही समाधान होगा। उन्होंने कहा, “हमने यह सुनिश्चित किया है कि सभी वर्गों के लोगों का विकास हो और सरकार इन समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता पर रखे। आने वाले समय में आप सभी को इसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेगा।”अपने संदेश के अंत में धीरेंद्र सिंह ने सभी क्षेत्रवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए आश्वस्त किया कि 2024 और 2025 में जेवर और गौतम बुद्ध नगर के विकास के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।