GREATER NOIDA News (22/09/2025): थाना बीटा-2 क्षेत्र के चुहरपुर अंडरपास के पास रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों के चिराग बुझा दिए। निजी विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले तीन छात्र बुलेट मोटरसाइकिल (Bullet MotorCycle) पर खाना खाने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक पेड़ों को पानी देने वाले टैंकर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि तीसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों की पहचान इस प्रकार हुई है—
स्वयं सागर (19 वर्ष) पुत्र संजय सागर, निवासी पंचवटी कॉलोनी, गाजियाबाद।
कुश उपाध्याय (21 वर्ष) पुत्र रामकुमार उपाध्याय, निवासी खुदुरा, थाना घमौर, जिला गाजीपुर।
समर्थ पुंडीर (18 वर्ष) पुत्र सुनील पुंडीर, निवासी सैटेलाइट कॉलोनी, बरेली।
तीनों एक ही निजी विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहे थे और एक साथ ही हॉस्टल व बाहर समय बिताते थे।
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों और पुलिस की मदद से घायलों को पास के निजी अस्पताल में ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने स्वयं सागर और कुश को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल समर्थ पुंडीर को दूसरे अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहां भी उसे बचाया नहीं जा सका।
दुर्घटना ने कुश उपाध्याय के परिवार को सबसे बड़ा झटका दिया। महज दो दिन पहले, 19 सितंबर को उसने अपना जन्मदिन दोस्तों संग मनाया था। परिजनों ने बताया कि वह दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 में किराए के मकान में रहता था। वहीं, बीते बुधवार को कुश की बुआ का निधन हुआ था, लेकिन वह परीक्षा और पढ़ाई की वजह से घर नहीं जा पाया। कुश का बड़ा भाई फिलहाल मेडिकल कॉलेज (Medical College) में पढ़ाई कर रहा है।
थाना बीटा-2 पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि टक्कर उस समय हुई जब टैंकर सड़क किनारे पेड़ों को पानी दे रहा था और धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस आगे की जांच में जुटी है।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने कहा कि इस अंडरपास पर अक्सर भारी वाहन खड़े रहते हैं या धीरे-धीरे चलते हैं, जिससे यहां दुर्घटनाओं का खतरा हमेशा बना रहता है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को ऐसे स्थानों पर सख्त यातायात व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।