सोशल मीडिया से शुरू दोस्ती का खतरनाक अंत! युवती ने युवक को बुलाकर किया हमला
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (1 जनवरी 2025): रबूपुरा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए बनी दोस्ती एक युवक की जान पर बन आई। युवती ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक को धोखे से खेत में बुलाया और उस पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
रोनीजा गांव के निवासी हंसराज ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके बेटे धीरज, जो बीकॉम का छात्र है, की कुछ महीने पहले सोशल मीडिया के जरिए प्रिया नाम की एक लड़की से दोस्ती हुई थी। मंगलवार को प्रिया ने धीरज को गांव से दूर एक सुनसान स्थान पर बुलाया। आरोप है कि वहां युवती ने अपने साथियों के साथ मिलकर धीरज को जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया, जिससे वह बेहोश हो गया।
बेहोशी की हालत में, युवती ने चाकू से धीरज की गर्दन और हाथ की नसों पर हमला किया। युवक के गंभीर रूप से घायल होने के बाद आरोपी उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए। परिजनों को जब मामले की जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत धीरज को ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि युवती उनके बेटे से रंजिश रखती थी और उसने सोची-समझी साजिश के तहत इस घटना को अंजाम दिया। परिवार के अनुसार, प्रिया लोगों को अपने प्रेमजाल में फंसाकर उनके खिलाफ दुष्कर्म का झूठा आरोप लगाती है और इसके जरिए बड़ी रकम वसूलती है। पिता हंसराज की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी प्रिया और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में मामला आपसी रंजिश और धोखे का प्रतीत हो रहा है।
धीरज का इलाज ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, जिसमें आरोपी युवती की पृष्ठभूमि और पूर्व की गतिविधियों को खंगाला जा रहा है। इस घटना ने सोशल मीडिया के खतरों और अपरिचित लोगों पर भरोसा करने की जोखिमों को फिर से उजागर कर दिया है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।