मुठभेड़ में तीन बदमाश घायल, पुलिस ने बरामद की चोरी की बाइक और नकदी

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (1 जनवरी 2025): ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और तीन बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह घटना पुस्ता रोड पर चेकिंग के दौरान हुई, जब बाइक पर सवार संदिग्ध युवकों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की बाइक और लूट के 9500 रुपये बरामद किए।

मंगलवार रात पुलिस की एक टीम पुस्ता रोड पर नियमित चेकिंग कर रही थी। इस दौरान उन्होंने एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने भागने की कोशिश की और उन पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया। खुद को घिरा देख बदमाश कच्चे रास्ते की ओर भागने लगे, लेकिन पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीनों बदमाश घायल हो गए।

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी पहचान टीटू (पुत्र मुकेश जाटव, निवासी ग्राम शहदरा, थाना सेक्टर 142), आकाश गुप्ता उर्फ चमन (पुत्र अवधेश गुप्ता, निवासी ग्राम बेला, थाना मूसाझाग, जिला बदायूं), और खालिद (पुत्र लियाकत, निवासी ग्राम शहदरा, थाना सेक्टर 142) के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने 28 दिसंबर की रात एक अर्टिगा कार सवार युवक से 9500 रुपये लूटे थे। घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी चोरी की निकली।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट की रकम और चोरी की बाइक बरामद की है। फिलहाल तीनों का इलाज जारी है और पुलिस उनसे अन्य मामलों में भी पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए बदमाश आपराधिक गतिविधियों में शामिल थे और इनके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।