सपेरा समुदाय को मिला शमशान घाट का आधिकार, वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (16/09/2025): ग्रेटर नोएडा के रीलखा गांव में सपेरा समुदाय की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई। प्रशासन ने गांव की पूर्व दिशा में सेक्टर-18 के पास 2200 वर्ग मीटर भूमि को श्मशान घाट के लिए चिन्हित कर दिया है। यह फैसला उस समय लिया गया जब रविवार को समुदाय की 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला धनवंती का निधन हुआ और अंतिम संस्कार की जगह न होने के कारण लोगों ने शव का दाह संस्कार करने से इंकार कर दिया।
विरोध के चलते प्रशासन हुआ सक्रिय
धनवंती का शव रविवार से ही घर में रखा रहा। सपेरा समाज ने साफ कह दिया कि जब तक श्मशान घाट के लिए भूमि आवंटित नहीं की जाती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं होगा। सोमवार दोपहर को मामला गंभीर होता देख यमुना प्राधिकरण (Yamuna Authority) के एसडीएम शिव अवतार सिंह (SDM Shiv Avtar Singh), तहसीलदार मनोज कुमार और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच करीब दो घंटे तक बातचीत चली। इसके बाद प्रशासन ने गांव के पास ही श्मशान घाट की जमीन आवंटित करने का ऐलान किया।
वर्षों से उठ रही थी मांग
सपेरा समाज के लोगों का कहना है कि वे पिछले कई सालों से श्मशान घाट की मांग कर रहे थे। लेकिन प्रशासन की ओर से लगातार अनदेखी की जा रही थी। ऐसे हालात में उन्हें अपने मृतकों का अंतिम संस्कार करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस बार समुदाय ने विरोध का सख्त रुख अपनाया, जिसके बाद अधिकारियों को तुरंत समाधान निकालना पड़ा।
जमीन आवंटन के बाद हुआ अंतिम संस्कार
जमीन चिन्हित होने और लिखित पुष्टि मिलने के बाद ही परिवार और ग्रामीणों ने धनवंती का अंतिम संस्कार किया। इस मौके पर समुदाय के कई प्रमुख लोग मौजूद रहे, जिनमें राजेंद्र प्रधान, रमेश कसाना, सोरन प्रधान और देवेंद्र प्रधान शामिल थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह फैसला केवल जमीन देने का मामला नहीं है, बल्कि समुदाय की गरिमा और परंपराओं को सम्मान देने का प्रतीक है। श्मशान घाट मिलने से अब सपेरा समाज को अंतिम संस्कार के समय अपमान या भटकाव का सामना नहीं करना पड़ेगा।
इस पूरी घटना ने एक बार फिर से दिखा दिया है कि जब समाज अपनी मांग को एकजुट होकर सामने रखता है, तो प्रशासन को भी कदम उठाना पड़ता है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।