अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान के नए निदेशक बने प्रो. प्रदीप कुमार प्रजापति

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (14 September 2025): प्रोफेसर प्रदीप कुमार प्रजापति ने शनिवार को अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA), नई दिल्ली के निदेशक का पदभार औपचारिक रूप से ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के उपलक्ष्य में संस्थान में एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसकी शुरुआत दीप प्रज्वलन और भगवान धन्वंतरि वंदना से हुई। इस अवसर पर संस्थान की पूर्व कार्यकारी निदेशक प्रो. (डा.) मञ्जूषा राजगोपाल, डीन (पीएचडी) प्रो. (डा.) महेश व्यास सहित शैक्षणिक, चिकित्सकीय, प्रशासनिक एवं नर्सिंग स्टाफ के सदस्य मौजूद रहे और सभी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नए निदेशक का स्वागत किया।

प्रो. प्रजापति इससे पूर्व डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय, जोधपुर के कुलपति पद पर कार्यरत थे। वे गुजरात आयुर्वेद विश्वविद्यालय, जामनगर में भी लंबे समय तक शोध और शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (NIA), जयपुर में सहायक प्रोफेसर के रूप में की थी।

 

अपने प्रथम संबोधन में प्रो. प्रजापति ने कहा कि आयुर्वेद की सेवा करना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा आयुर्वेद को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प को साकार करने में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान को वैश्विक पहचान दिलाना उनका मुख्य लक्ष्य होगा। इस मौके पर प्रो. (डा.) मञ्जूषा राजगोपाल ने टीम भावना से कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई, वहीं डीन प्रो. (डा.) महेश व्यास ने विश्वास व्यक्त किया कि निदेशक महोदय का देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य का अनुभव संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद प्रो. प्रजापति ने शिक्षकों हेतु आयोजित सतत चिकित्सा शिक्षा (CME) कार्यक्रम के समापन सत्र में भी दीप प्रज्वलन कर भाग लिया। उन्होंने गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय से बीएएमएस की डिग्री, काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से एमडी एवं पीएचडी की उपाधियाँ प्राप्त की हैं।

केंद्रीय मंत्रिमंडल की स्वीकृति से हुई उनकी नियुक्ति के अनुसार वे पांच वर्ष अथवा सेवानिवृत्ति की आयु तक, जो भी पहले हो, निदेशक पद पर कार्यरत रहेंगे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।