नोएडा में आवारा कुत्तों की समस्या पर विजय गोयल का हमला, फोनरवा ने दिया समर्थन

टेन न्यूज नेटवर्क

NOIDA News (12/09/2025): नोएडा और ग्रेटर नोएडा में लगातार बढ़ रही आवारा कुत्तों की घटनाओं को लेकर आज नोएडा मीडिया क्लब में एक महत्वपूर्ण संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया।यह सम्मेलन फेडरेशन ऑफ नोएडा रेज़िडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) के आह्वान पर हुआ, जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री और लोक अभियान के अध्यक्ष विजय गोयल ने राज्य सरकार और प्रशासन पर तीखा प्रहार किया।

“यूपी सरकार का सर्कुलर सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के खिलाफ” – विजय गोयल

विजय गोयल ने कहा कि, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा हाल ही में जारी किया गया सर्कुलर सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का सीधा उल्लंघन करता है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर इस पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना था कि, इस सर्कुलर से न तो आवारा कुत्तों की समस्या सुलझेगी, बल्कि आरडब्ल्यूए और नागरिकों के बीच टकराव और बढ़ जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट के दो बड़े आदेशों का पालन अनिवार्य है: सार्वजनिक स्थानों पर डॉग फीडिंग पर रोक – अब सोसाइटी, अपार्टमेंट्स और सड़कों पर कुत्तों को खाना नहीं डाला जा सकता। केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित आबादी से दूर स्थानों पर ही भोजन कराया जा सकेगा। आक्रामक कुत्तों को शेल्टर में बंद करने का आदेश – जो कुत्ते काटने या आतंक फैलाने वाले पाए जाएंगे, उन्हें हमेशा के लिए बाड़ों में रखा जाएगा।

पूर्व मंत्री ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि भारत आज दुनिया में सबसे ज्यादा आवारा कुत्तों वाला देश बन चुका है। उन्होंने कहा, देश में 12 करोड़ से अधिक कुत्ते हैं। सबसे ज्यादा कुत्तों के काटने के मामले यहीं सामने आते हैं। रेबीज़ के मरीजों की संख्या भी भारत में सर्वाधिक है। देश में हर साल वैक्सीन की खपत दुनिया में सबसे ज्यादा होती है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अमेरिका, सिंगापुर, चीन, जर्मनी, स्विट्ज़रलैंड और ब्रिटेन जैसे देशों में सड़क पर एक भी आवारा कुत्ता नहीं दिखता। वहां सार्वजनिक स्थानों पर कुत्तों को खाना खिलाना पूरी तरह अवैध है। इसके विपरीत, भारत में पेटा जैसी संस्थाएं सड़कों पर कुत्तों को रहने देने की वकालत करती हैं, जबकि यही संस्थाएं विदेशों में ऐसा नहीं करतीं।

विजय गोयल ने स्टरलाइजेशन और वैक्सीनेशन अभियान की पोल खोलते हुए कहा कि यह कार्य करने वाली संस्थाओं और कंपनियों में भारी भ्रष्टाचार है। स्टरलाइजेशन का काम ठीक से नहीं होने के कारण कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वैक्सीन बनाने वाली कंपनियों का आर्थिक स्वार्थ इसमें जुड़ा हुआ है।

विजय गोयल ने कहा कि वे पशुप्रेमी हैं और कभी भी कुत्तों या फीडर्स के खिलाफ अपशब्द नहीं बोले हैं। लेकिन उनका मानना है कि मानव जीवन की सुरक्षा सबसे पहले होनी चाहिए। उन्होंने कहा – बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग रोज़ाना इन हमलों का शिकार हो रहे हैं। हजारों लोग चुपचाप इंजेक्शन लगवाकर घर लौट जाते हैं। यह स्थिति असहनीय है।

फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने कहा कि संगठन नागरिकों के लिए मजबूती से लड़ाई लड़ेगा। उन्होंने बताया कि फोनरवा का प्रतिनिधिमंडल पहले ही विजय गोयल से मिल चुका है और नोएडा-ग्रेटर नोएडा समेत पूरे एनसीआर की लड़ाई मिलकर लड़ी जाएगी।

आज के कार्यक्रम में फोनरवा संरक्षक त्रिलोक शर्मा, पवन यादव, विजय भाटी, सुशील यादव, अशोक मिश्रा, देवेंद्र चौहान, लाट साहब लोहिया, संजय चौहान, अशोक शर्मा, उमाशंकर शर्मा, विनोद शर्मा, राजेश सिंह, कोशिंदर यादव, भूषण शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी और विभिन्न आरडब्ल्यूए से एन. पी. सिंह, राघवेंद्र दुबे, अनिल खन्ना, संजीव कुमार आदि शामिल हुए।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।