दिल्ली में बाढ़ को लेकर सियासी संग्राम: आतिशी ने साधा निशाना तो बीजेपी ने किया पलटवार
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (08/09/2025): दिल्ली में इस साल के मानसून ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार बारिश और यमुना में रिकॉर्ड तोड़ पानी आने से कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हुई। ऐसे में राजनीति भी तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी मार्लेना (Atishi Marlena) ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हर बारिश के साथ दिल्ली पानी-पानी हो रही है लेकिन सरकार और मुख्यमंत्री कहीं दिखाई नहीं दे रहे।
आतिशी ने आरोप लगाया कि राजौरी गार्डन, तिलक नगर, पटपड़गंज, ग्रेटर कैलाश और कनॉट प्लेस जैसे बड़े क्षेत्रों में भारी जलभराव देखने को मिला। उन्होंने कहा कि जब दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार थी तो मानसून की तैयारियां तीन महीने पहले से शुरू कर दी जाती थीं। नालों की सफाई, डिसेल्टिंग और विभागीय बैठकों के जरिए पहले से ही तैयारी कर ली जाती थी, लेकिन अब कोई जिम्मेदार नहीं दिखता।
उन्होंने यह भी कहा कि जब जलभराव होता था तो AAP सरकार तत्काल व्हाट्सएप के जरिए फीडबैक लेती थी और विधायक, मंत्री व खुद मुख्यमंत्री मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेते थे। लेकिन इस बार न तो विधायक ग्राउंड पर हैं और न ही कोई मंत्री। मुख्यमंत्री तक ने भी अब तक हालात का निरीक्षण करने की जहमत नहीं उठाई।
आतिशी ने राहत शिविरों की स्थिति पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि शिविर पांच किलोमीटर दूर बनाए गए हैं, जहां न तो बिजली है, न पंखे, न पर्याप्त भोजन और न ही साफ-सुथरे टॉयलेट। वहां पर लोग कह रहे हैं कि सरकार से कोई उन्हें देखने तक नहीं आया। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि एक बार खुद जाकर लोगों की स्थिति देखें और उनके लिए बेहतर इंतजाम करें।
हालांकि, भाजपा की दिल्ली इकाई ने आतिशी के इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। दिल्ली भाजपा ने अपने आधिकारिक x हैंडल से जवाब देते हुए “पूर्व डमी सीएम” कहकर संबोधित किया और लिखा कि झूठ बोलना उनकी आदत है। भाजपा ने कहा कि अगर आम आदमी पार्टी ने अपने 10 साल के शासन में काम किया होता तो दिल्ली हर साल जलभराव और बाढ़ से नहीं जूझती।
भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि AAP के शासन में जनता अपने हाल पर मरती रही और नेता सिर्फ मीडिया में अपनी तस्वीरें चमकाते रहे। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि आतिशी और उनकी पार्टी ने सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति की और जिम्मेदारियों से बचते रहे, यही कारण था कि जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर कर दिया।
भाजपा ने दावा किया कि अब तस्वीर बदल चुकी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने पहले से तैयारी की और इस बार के मानसून में कम से कम नुकसान हुआ। पार्टी ने कहा कि बारिश ने 15 साल का रिकॉर्ड तोड़ा और यमुना में ऐतिहासिक स्तर तक पानी आया, लेकिन सरकार की प्लानिंग और मैनेजमेंट की वजह से स्थिति काबू में रही।
भाजपा ने आगे कहा कि समय रहते बड़ी संख्या में लोगों को राहत शिविरों में शिफ्ट किया गया और उनके लिए भोजन, पानी और रहने की सुविधाओं की व्यवस्था की गई। पार्टी ने कहा कि सरकार जमीनी स्तर पर काम कर रही है और यही फर्क है AAP और भाजपा की कार्यशैली में। इस तरह मानसून से जुड़ा मुद्दा दिल्ली की राजनीति में नए आरोप-प्रत्यारोप का केंद्र बन गया है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।