‘पुजारी-ग्रंथि सम्मान योजना’: हर महीने 18,000 रुपये सम्मान राशि देने की केजरीवाल की घोषणा
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (30 दिसंबर, 2024): दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज ‘पुजारी-ग्रंथि सम्मान योजना’ की शुरुआत की घोषणा की। इस योजना के तहत दिल्ली के मंदिरों और गुरुद्वारों में सेवाएं देने वाले पुजारियों और ग्रंथियों को हर महीने 18,000 रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।
अरविंद केजरीवाल ने कहा, “यह पहली बार है जब किसी सरकार ने पुजारियों और ग्रंथियों के योगदान को सम्मानित करने का कदम उठाया है। सदियों से ये लोग हमारी परंपराओं और रीति-रिवाजों को आगे बढ़ाते आ रहे हैं। ये भगवान और हमारे बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। लेकिन समाज ने कभी इनके परिवार और उनके जीवन की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया। इस योजना के माध्यम से, हम उनके समर्पण को सम्मानित करना चाहते हैं।”
इस योजना का रजिस्ट्रेशन कल से शुरू होगा। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वह खुद कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर जाकर पहले पुजारी का रजिस्ट्रेशन करेंगे। इसके बाद, आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता दिल्ली के हर मंदिर और गुरुद्वारे में जाकर पुजारियों और ग्रंथियों का रजिस्ट्रेशन करेंगे।
केजरीवाल ने इस दौरान बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, “मैं बीजेपी से हाथ जोड़कर निवेदन करता हूं कि इस योजना को रोकने की कोशिश न करें, जैसे उन्होंने महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना को रोकने का प्रयास किया था। यह राजनीति से परे का विषय है और समाज के एक अहम वर्ग के लिए है।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह राशि वेतन नहीं, बल्कि एक सम्मान है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह योजना पुजारियों और ग्रंथियों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के साथ-साथ उनके योगदान को समाज में मान्यता दिलाने का काम करेगी।
दिल्ली सरकार की इस नई पहल ने धार्मिक समुदायों और आम जनता के बीच एक सकारात्मक संदेश दिया है। अब देखना यह है कि इस योजना को जमीनी स्तर पर कैसे लागू किया जाएगा और इसे कितना समर्थन मिलेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।