New Delhi News (08/09/2025): दिल्ली की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा हो गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) के पति मनीष गुप्ता (Manish Gupta) की आधिकारिक बैठकों में मौजूदगी को लेकर गंभीर आपत्ति जताई है। AAP के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज (Saurabh Bhardwaj) ने एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए इसे पूरी तरह असंवैधानिक करार दिया और आरोप लगाया कि सरकार को “फुलेरा पंचायत” की तरह चलाया जा रहा है।
फुलेरा पंचायत से तुलना
सौरभ भारद्वाज ने लोकप्रिय वेब सीरीज पंचायत का हवाला देते हुए कहा कि जैसे उसमें महिला प्रधान के पति असली फैसले लेते थे, वैसे ही दिल्ली में मुख्यमंत्री के पति बैठक में शामिल होकर प्रशासनिक भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि यह लोकतंत्र और संवैधानिक व्यवस्था का मज़ाक उड़ाने जैसा है, जहां निर्वाचित पदाधिकारी के बजाय परिवार के सदस्य निर्णय प्रक्रिया का हिस्सा बन रहे हैं।
संवैधानिकता पर सवाल
AAP नेता ने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस तरह का हस्तक्षेप स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने पूछा कि जब भाजपा कांग्रेस पर वंशवादी राजनीति का आरोप लगाती है, तो क्या यह स्थिति वंशवाद का उदाहरण नहीं है? भारद्वाज ने कहा, “क्या देश की राजधानी की मुख्यमंत्री के पास ऐसा कोई कार्यकर्ता नहीं है जिस पर भरोसा किया जा सके? क्यों केवल पति को ही सरकारी बैठकों में बैठाया जा रहा है?”
सरकारी बैठकों की तस्वीरें बनी चर्चा का विषय
विवाद तब गहराया जब मुख्यमंत्री कार्यालय और रेखा गुप्ता के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से बैठकों की तस्वीरें साझा की गईं। इन तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि मुख्यमंत्री के बगल वाली कुर्सी पर उनके पति मनीष गुप्ता बैठे हैं। AAP का कहना है कि जब ये तस्वीरें आधिकारिक मंच से साझा की जा रही हैं, तो इसका मतलब है कि इस प्रक्रिया को वैध ठहराने की कोशिश की जा रही है।
राजधानी को पंचायत शैली में चलाने का आरोप
AAP ने तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली जैसी राष्ट्रीय राजधानी को एक ग्राम पंचायत की तरह चलाया जा रहा है। पार्टी का आरोप है कि मुख्यमंत्री का पति गैर-निर्वाचित होते हुए भी प्रशासनिक बैठकों में शामिल हो रहे हैं और अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर रहे हैं। इससे सरकारी तंत्र पर सवाल खड़े हो रहे हैं और जनता के विश्वास को ठेस पहुंच रही है।
बीजेपी का जवाब
बढ़ते विवाद को लेकर भाजपा की तरफ से भी भी प्रतिक्रिया आई है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के नेता हरीश खुराना ने कहा कि यह बैठक केवल एक निर्वाचन क्षेत्र के लिए हो रही थी। यह बैठक केवल अधिकारियों के लिए नहीं थी बल्कि आम लोग भी शामिल थे। मनीष गुप्ता चुनाव के दौरान शालीमार बाग के निर्वाचन क्षेत्र का भी देखरेख कर रहे कर रहे थे। ऐसे में वे इस बैठक में एक समाजसेवी के नाते उपस्थित हुए थे और केवल उनके पति मनीष गुप्ता ही नहीं बल्कि कुछ आम नागरिक भी इस बैठक में मौजूद थे। हरीश खुराना ने कहा कि जिन्होंने पहले दिल्ली में सरकार का नेतृत्व किया था वे अब हताश हैं और इसी हताशा में वे झूठे आरोप लगा रहे हैं। खुराना ने कहा कि जब बैठक केवल शालीमार बाग के लिए थी तो मुख्यमंत्री एवं उनके पति शालीमार बाग में ही रहते हैं, तो ऐसे में बैठक में उनका शामिल होना कैसे गलत हो सकता है?।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।