New Delhi News (05/09/2025): दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बहने लगी है और इस वजह से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। तीसरे पुस्ते रोड स्थित उस्मानपुर गांव का नजारा सबसे भयावह है, जहां पूरा गांव पानी में डूबा हुआ दिखाई दे रहा है।
गांव में पानी भर जाने से लोगों की जिंदगी पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुकी है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीण अब आवाजाही के लिए नाव का सहारा लेने को मजबूर हैं। लोगों ने बताया कि इस बार हालात पहले से कहीं ज्यादा गंभीर हैं। वर्ष 2023 में भी बाढ़ आई थी, लेकिन इस बार पानी का स्तर काफी ऊंचा हो गया है और गांव पूरी तरह डूब चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें आने-जाने में बेहद मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों ने यह भी शिकायत की कि प्रशासन की तरफ से राहत के लिए टेंट जरूर लगाए गए हैं, लेकिन उनमें जरूरी सुविधाओं की भारी कमी है। कई लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अभी तक न कोई नेता और न ही कोई बड़ा अधिकारी उनका हाल जानने यहां आया है।
इसी बीच नगर निगम के अधिकारी लाउडस्पीकर के जरिए लगातार लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे नदी में न जाएं और सुरक्षित जगहों पर बने टेंटों में ही रहें। अधिकारियों का कहना है कि हालात पर लगातार नज़र रखी जा रही है और बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए खाने-पीने की पूरी व्यवस्था की गई है। हालांकि, प्रशासन ने यह भी माना है कि पानी उतरने में अभी दो से तीन दिन का वक्त लग सकता है।
फिलहाल उस्मानपुर गांव में बाढ़ का संकट लोगों के लिए भारी मुसीबत बन गया है। प्रशासन हर संभव मदद का दावा कर रहा है, लेकिन ग्रामीणों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।