पंजाब बाढ़ पर केंद्रीय कृषि मंत्री का बड़ा बयान, क्या बोले शिवराज सिंह चौहान?

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Chandigarh (05/09/2025): पंजाब में बाढ़ की विकराल स्थिति का निरीक्षण करने पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) स्वयं इस संकट को लेकर चिंतित हैं और उन्हीं के निर्देश पर वे पंजाब के हालात का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने बताया कि खेतों और गांवों में जलप्रलय जैसी स्थिति है, फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं और किसानों के सामने भारी चुनौती खड़ी है।

चौहान ने कहा कि संकट की इस घड़ी में केंद्र सरकार पंजाब की जनता और किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब बाढ़ से प्रभावित इलाकों के पुनर्निर्माण के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करना होगा। इसके लिए अल्पकालिक, मध्यकालिक और दीर्घकालिक योजनाएँ बनाई जाएंगी ताकि राज्य को इस आपदा से उबारकर भविष्य की चुनौतियों का भी समाधान किया जा सके।

उन्होंने बताया कि वे जल्द ही पंजाब के नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट प्रधानमंत्री को सौंपेंगे। केंद्र सरकार इस संकट से निपटने में कोई भी कसर नहीं छोड़ेगी, लेकिन इसके लिए राज्य सरकार को भी पूरी गंभीरता से जमीनी स्तर पर काम करना होगा। चौहान ने चेतावनी दी कि पानी उतरने के बाद बीमारी फैलने का खतरा सबसे बड़ी चुनौती होगी। मरे हुए पशुओं के सुरक्षित निस्तारण और खेतों में जमी सिल्ट को हटाने की योजना बनाना बेहद जरूरी है।

केंद्रीय कृषि मंत्री ने अतीत का उदाहरण देते हुए कहा कि जब अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री थे और प्रकाश सिंह बादल पंजाब के मुख्यमंत्री थे, तब फसलों को बाढ़ से बचाने के लिए सतलुज, ब्यास, रावी और घग्गर नदियों के किनारे मजबूत बांध बनाए गए थे। लेकिन अवैध खनन के कारण ये संरचनाएँ कमजोर हो गईं, जिससे इस बार गांवों में पानी घुस गया। चौहान ने कहा कि अब उन संरचनाओं को फिर से मजबूत करना होगा ताकि भविष्य में इस तरह की त्रासदी को रोका जा सके।

उन्होंने पंजाब के लोगों की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि इस संकट के बीच हजारों समाजसेवी अपने गांवों से ट्रैक्टरों में भोजन, कपड़े और दवाइयां लेकर निकल पड़े और गांव-गांव में मदद कर रहे हैं। चौहान ने कहा कि उन्होंने पीड़ितों की सेवा का अद्भुत उदाहरण देखा है, जिसे वे प्रणाम करते हैं।

चौहान ने कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा ही भगवान की पूजा है। इस आपदा में न सिर्फ पंजाब, बल्कि आसपास के राज्यों के लोग भी मदद के लिए आगे आए हैं। यही एकता और सेवा का भाव समाज को बड़े से बड़े संकट से बाहर निकालने की शक्ति देता है।

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार पंजाब को इस आपदा से उबारने के लिए हर संभव सहायता करेगी। पुनर्वास कार्य में तेजी लाने और प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

अंत में चौहान ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर, समाजसेवियों और जनता के सहयोग से पंजाब को इस संकट से बाहर निकालेंगे। उन्होंने कहा, “हम इस त्रासदी से भी पार पाएंगे और पंजाब की जनता को फिर से खड़ा करेंगे।”


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।