यमुना नदी में बढ़ते जल स्तर पर जिला प्रशासन अलर्ट, 24×7 कंट्रोल रूम चालू
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida (05 September 2025): जनपद गौतमबुद्ध नगर में यमुना नदी का जल स्तर बढ़ने से प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी मेधा रूपम के नेतृत्व में राजस्व, सिंचाई, स्वास्थ्य, पूर्ति विभाग सहित एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी और अग्निशमन विभाग की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में लगी हुई हैं। प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है और उनके खान-पान, चिकित्सा व अन्य मूलभूत आवश्यकताओं की पूरी व्यवस्था की गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि अब तक तहसील सदर के 12, दादरी के 6 और जेवर क्षेत्र के 25 गाँव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। लगभग 3800 लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 2637 लोगों को 15 संचालित शरणालयों में ठहराया गया है। यहाँ सामुदायिक रसोई के माध्यम से तीनों समय भोजन, पेयजल और स्वच्छता की व्यवस्था की गई है। प्रभावित लोगों के लिए दादरी में 160 और सदर क्षेत्र में 260, इस प्रकार कुल 420 राहत किट वितरित की जा चुकी हैं।
आपदा प्रबंधन हेतु जिले में कुल 19 बाढ़ चौकियाँ बनाई गई हैं। वहीं, एनडीआरएफ टीम ने तहसील सदर के सेक्टर-151 और जेवर के ग्राम झुप्पा से 44 लोगों को सुरक्षित निकाला, जबकि एसडीआरएफ टीम ने 40 लोगों को रेस्क्यू किया। पीएसी और अग्निशमन विभाग की टीमें भी सदर क्षेत्र और दनकौर में राहत कार्यों में जुटी हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा छह मेडिकल रेस्पॉन्स टीम गठित कर शरणालयों में तैनात की गई हैं। यहाँ एंटी स्नेक वेनम सहित सभी आवश्यक दवाइयाँ उपलब्ध कराई गई हैं। पशुओं की सुरक्षा के लिए सेक्टर-135 ग्रीन बेल्ट पुश्ता रोड पर पशु शिविर स्थापित किया गया है, जहाँ अब तक 1471 गौवंश को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है।
प्रशासन ने आमजन की सुविधा के लिए 24 घंटे सक्रिय बाढ़ कंट्रोल रूम स्थापित किया है, जिसके दूरभाष नंबर 0120-2978231, 2978232 और 2978233 जारी किए गए हैं। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने जनपदवासियों से अपील की है कि नदी-नालों के किनारे न जाएँ, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कंट्रोल रूम से संपर्क करें। विस्थापित लोग प्रशासन द्वारा बनाए गए शरणालयों में रहें और पशुपालक अपने मवेशियों को शिविरों में पहुँचाएँ।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।