दिल्ली में बीजेपी का कांग्रेस विरोधी प्रदर्शन, प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित कई नेता डिटेन
रंजन अभिषेक,संवाददाता,टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (30 अगस्त 2025): राजधानी दिल्ली में शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। यह विरोध बिहार में कांग्रेस मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के प्रति अभद्र भाषा के प्रयोग के विरोध में किया गया। दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरटीओ चौराहे के पास से कांग्रेस दफ्तर तक मार्च निकालने की योजना बनाई थी। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष के साथ सांसद योगेंद्र चंदोलिया, सांसद कमलजीत सेहरावत, सांसद बांसुरी स्वराज, विधायक रविंद्र नेगी, विधायक कैलाश गहलोत और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़ रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने पहले से ही पुख्ता इंतजाम किए थे। हालात तब तनावपूर्ण हो गए जब पुलिस और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। मौके पर हाथापाई तक की नौबत आ गई। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और पानी की बौछार भी की। बावजूद इसके प्रदर्शनकारियों का आक्रोश शांत नहीं हुआ।
आखिरकार पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, विधायक कैलाश गहलोत समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए सभी लोगों को पुलिस बसों में बैठाकर अलग-अलग थानों में ले जाया गया। हिरासत में लेने के बाद यह प्रदर्शन समाप्त हो गया।
बीजेपी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री की मां के प्रति की गई अभद्र टिप्पणी देश की संस्कृति और मर्यादा पर चोट है। ऐसे बयानों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी कांग्रेस के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।