10 करोड़ GST चोरी का मामला: चीनी महिला और भारतीय डायरेक्टर गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

NOIDA News (27/08/2025): नोएडा स्थित एक टीवी स्क्रीन निर्माण कंपनी द्वारा करीब 10 करोड़ रुपये की जीएसटी (GST) चोरी के मामले में एक चीनी महिला और कंपनी के प्रबंध निदेशक को मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। राज्य कर विभाग (GST इंटेलिजेंस) की टीम ने दोनों को नोएडा से हिरासत में लेने के बाद महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। बुधवार सुबह दोनों आरोपियों को मेरठ की विशेष CJM कोर्ट में पेश किया गया।

गिरफ्तार महिला, जिसकी पहचान एलिस ली उर्फ ली तेंगली के रूप में हुई है, मेरठ कोर्ट में पेशी के दौरान बार-बार मीडिया से चेहरा छुपाती रही। कोर्ट परिसर में उसने काफी हंगामा किया, पुलिसकर्मियों से अशिष्ट व्यवहार किया और कुछ लोगों को धक्का भी दिया। महिला ने अंग्रेज़ी और चीनी भाषा में चिल्लाते हुए खुद को निर्दोष बताया और कहा कि “मुझे इसलिए फंसाया गया है क्योंकि मैं चीनी हूं।”

कंपनी में 28% GST की जगह सिर्फ 18% भुगतान, करोड़ों का टैक्स नुकसान

विशेष अभियोजन अधिकारी लक्ष्य सिंह के अनुसार, नोएडा की टेंटेक LED डिस्प्ले प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी, जो विजुअल डिस्प्ले यूनिट बनाती है, ने 2019 से लेकर अब तक लगातार जीएसटी चोरी की है। कंपनी पर आरोप है कि उसने जिन उत्पादों पर 28% जीएसटी लागू होता था, उनमें से कई पर फर्जी दस्तावेज़ों के आधार पर सिर्फ 18% टैक्स जमा कराया। इस तरह कंपनी ने लगभग 10 करोड़ रुपये का कर नुकसान सरकार को पहुँचाया।

कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर विनय कुमार और चीनी नागरिक एलिस ली, जो कंपनी में सिक्योरिटी कैशियर की भूमिका में कार्यरत थी, दोनों को एक साथ अरेस्ट किया गया। उनके खिलाफ नोएडा में मुकदमा दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।

थाना में VIP डिमांड: चिकन और ब्रांडेड पानी की फरमाइश

गिरफ्तारी के बाद जब महिला को मेरठ के महिला थाने में रखा गया, तो उसने साधारण भोजन खाने से इनकार कर दिया। पुलिस को मजबूरी में ऑनलाइन चिकन ऑर्डर करना पड़ा। इतना ही नहीं, जब उसे आरओ का पानी दिया गया, तो उसने उसे पीने से मना कर दिया और ब्रांडेड मिनरल वॉटर की मांग की। महिला अपने खाने-पीने को लेकर बेहद चुनिंदा और जिद्दी दिखाई दी।

2021 में भी ATS के हत्थे चढ़ी थी एलिस ली

यह पहली बार नहीं है जब एलिस ली किसी अपराध के चलते चर्चा में आई है। सितंबर 2021 में यूपी की एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) ने भी उसे गिरफ्तार किया था। उस वक्त उस पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सिम कार्ड खरीदने और फिर उन सिम कार्डों से बैंकों में धोखाधड़ी कर करीब 5 करोड़ रुपये के लेन-देन करने का आरोप था। इसके अलावा, महिला का वीज़ा सितंबर 2020 में समाप्त हो गया था, बावजूद इसके वह अवैध रूप से भारत में रह रही थी।

कंपनी की संरचना और विदेशी निवेश

टेंटेक कंपनी में 51% हिस्सेदारी विनय कुमार के पास है, जबकि शेष 49% शेयर दो अन्य चीनी नागरिकों हू ली और टैंग काई के पास हैं। कंपनी नोएडा के बैंगमेंस पार्क में स्थित है और 2019 से एक्टिव है। इस कंपनी की फाइनेंशियल गतिविधियां अब इन्क्वायरी के घेरे में हैं और अन्य विदेशी डायरेक्टर्स की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

विशेष CJM दुर्गेश नंदिनी की कोर्ट ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब इस मामले की अगली सुनवाई सोमवार को होगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे आर्थिक अपराध की श्रेणी में रखा गया है, और दोनों आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।