नई दिल्ली (26 अगस्त 2025): दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि “आप” नेता जनता को गुमराह करने के माहिर हैं और भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने के लिए झूठा भ्रमजाल फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल निर्माण घोटाले की जांच को लेकर ईडी द्वारा पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज के घर छापेमारी के बाद आम आदमी पार्टी के नेता बौखला गए हैं और जांच एजेंसी की कार्रवाई को गलत ठहराने में जुटे हैं।
सचदेवा ने कहा कि “आप” नेता यह तर्क दे रहे हैं कि जिस समय अस्पताल निर्माण का निर्णय हुआ उस वक्त सौरभ भारद्वाज मंत्री नहीं थे। यह सही है, परंतु क्या यह सच नहीं कि जब अस्पताल का निर्माण कार्य चल रहा था तब भारद्वाज स्वास्थ्य मंत्री थे? उन्होंने सवाल उठाया कि क्या आम आदमी पार्टी यह मानने को तैयार है कि उनके शासनकाल में एक भी घोषित अस्पताल का निर्माण पूरा नहीं हो सका।
भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार ने केवल “ईंट गाड़ने” भर का बजट दिया और अस्पताल निर्माण की घोषणाएं कर दीं। बिजली-पानी की व्यवस्था, ऑपरेशन थियेटर, वार्ड या मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए कोई फंड आवंटित नहीं किया गया। इसके बजाय सरकार ने छोटे-छोटे टेंडर और आकस्मिक खरीद की स्वीकृतियां देकर घोटालेबाजी का रास्ता अपनाया।
उन्होंने कहा कि इस पूरे खेल के दौरान तत्कालीन मंत्री सत्येंद्र जैन, मनीष सिसोदिया और सौरभ भारद्वाज की गंभीर भूमिका रही है। सचदेवा ने सवाल किया कि क्या सौरभ भारद्वाज शपथ लेकर यह कह सकते हैं कि स्वास्थ्य मंत्री रहते हुए उन्होंने अस्पताल निर्माण से जुड़े आकस्मिक या अतिरिक्त टेंडर की कोई स्वीकृति नहीं दी?
सचदेवा ने स्पष्ट किया कि यह मुद्दा इस बात का नहीं है कि निर्णय कब और किसने लिया, बल्कि यह अस्पताल निर्माण घोटाले की जांच का मामला है। उन्होंने कहा कि यह केवल 11 स्थायी अस्पतालों में लूट-खसोट तक सीमित नहीं है, बल्कि केजरीवाल सरकार की जवाबदेही इस बात पर भी है कि कोविड काल में घोषित सात अस्थायी अस्पताल भी पूरे क्यों नहीं हो सके।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली की जनता अब जानना चाहती है कि आखिर क्यों आम आदमी पार्टी की सरकार ने इतने वादों और घोषणाओं के बावजूद एक भी नया स्थायी अस्पताल पूरा नहीं कराया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।