Nikki Murder Case: ससुराल पक्ष के सभी गिरफ्तार, दहेज की भूख ने ली एक बेटी की जान

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (25/08/2025): दहेज की मांग और पारिवारिक लालच ने एक और मासूम जिंदगी को निगल लिया। ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव की 23 वर्षीय विवाहिता निक्की भाटी की जिंदा जलाकर हत्या के मामले ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। अब इस सनसनीखेज हत्या के सभी आरोपी पति, सास, ससुर और जेठ पुलिस की गिरफ्त में हैं।

निक्की भाटी की शादी 2016 में विपिन भाटी से हुई थी। उसी परिवार में उसकी बड़ी बहन कंचन की शादी रोहित भाटी (विपिन के बड़े भाई) से की गई थी। निक्की के पिता भिखारी सिंह, जो एक साधारण किसान हैं, ने अपनी सीमित हैसियत से ऊपर उठकर दोनों बेटियों की शादी में गाड़ी, जेवर और नकदी दी थी। लेकिन ससुराल वालों का लालच थमा नहीं।

शुरू में स्कॉर्पियो की मांग की गई, फिर बुलेट और बाद में 36 लाख रुपये नकद। दबाव में आकर उन्होंने निक्की के लिए ब्यूटी पार्लर भी खुलवाया, लेकिन पति विपिन आए दिन पैसे की मांग करता और पार्लर से चोरी करता। निक्की आत्मनिर्भर बनना चाहती थी, लेकिन पति और उसके परिवार को यह नागवार था।

21 अगस्त को निक्की को कथित रूप से ससुराल वालों ने मिलकर जिंदा जला दिया। घर में मौजूद निक्की के मासूम बेटे ने ही बताया, पापा ने मम्मी को जला दिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि सास ने पेट्रोल डाला और पति ने आग लगाई, जबकि जेठ और ससुर मूकदर्शक बने रहे। निक्की को पहले फॉर्टिस और फिर सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

आरोपियों की गिरफ्तारी की पूरी जानकारी

हत्या के दो दिन बाद पुलिस ने उसे एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया। वह मेडिकल जांच के दौरान हिरासत से भागने की कोशिश कर रहा था और पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीनने की कोशिश में गोली लगने से घायल हुआ। फिलहाल, पुलिस की कड़ी निगरानी में अस्पताल में इलाज के बाद फिर हिरासत में ले लिया गया है। 55 वर्षीय दयावती (सास) को एक निजी अस्पताल से यूनिवर्सिटी रोड की ओर जाते समय गिरफ्तार किया गया। 28 वर्षीय रोहित (जेठ) को सिरसा टोल चौराहे के पास से पुलिस ने धर दबोचा।निक्की की हत्या के मुख्य साजिशकर्ताओं में शामिल सत्यवीर (ससुर) को सोमवार को सिरसा गांव से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सभी के खिलाफ दहेज हत्या, साजिश, महिला उत्पीड़न, और हत्या के तहत मामला दर्ज किया गया है।

निक्की के पिता भिखारी सिंह ने बताया, हमने बेटी को पहले भी ससुराल वालों की प्रताड़ना के चलते मायके बुला लिया था, लेकिन समाज के दबाव में दोबारा भेजना पड़ा। अब हमें सिर्फ एक चीज चाहिए—इन दरिंदों को फांसी मिले। निक्की की बहन ने चौंकाने वाला खुलासा किया है कि ससुराल वाले निक्की से पीछा छुड़ाकर पति विपिन की दूसरी शादी करवाना चाहते थे।

निक्की की मौत केवल एक हत्या नहीं, बल्कि दहेज और पितृसत्तात्मक मानसिकता के खिलाफ एक करुण चीत्कार है। स्थानीय लोग अब भी सन्नाटे में हैं, ससुराल के दरवाजों पर ताले हैं, और कोई भी खुलकर बोलने को तैयार नहीं। इस दिल दहला देने वाली घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है:
“कब तक बेटियां दहेज की आग में जलती रहेंगी?”

निक्की भाटी मर्डर केस अब केवल कानूनी नहीं, बल्कि सामाजिक आंदोलन का रूप ले चुका है।
परिवार और स्थानीय महिला संगठनों ने दोषियों को फांसी देने और इस केस की तेजी से सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट में ट्रायल की मांग की है। यह घटना केवल निक्की की नहीं, हर उस बेटी की है जो आज भी खामोश है। यह समय है समाज के जागने का, चुप्पी तोड़ने का, और न्याय सुनिश्चित करने का।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।