All India Speakers Conference लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत बनाने का प्रतीक है: रेखा गुप्ता

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (24/08/2025): दिल्ली विधानसभा में पहली बार आयोजित ऑल इंडिया स्पीकर्स एंड डिप्टी स्पीकर्स कांफ्रेंस का उद्घाटन एक ऐतिहासिक अवसर साबित हुआ। इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने उपस्थित सदस्यों, केंद्रीय मंत्रियों, उपराज्यपाल, विधानसभा अध्यक्ष और देशभर से आए स्पीकर्स व डिप्टी स्पीकर्स का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन भारतीय लोकतंत्र की शक्ति और उसकी जड़ों को और अधिक मजबूत बनाने का प्रतीक है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) का विशेष अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री की उपस्थिति इस सम्मेलन की गरिमा को और बढ़ाती है। अमित शाह ने संसद में हमेशा ऐतिहासिक फैसले लिए हैं, चाहे धारा 370 हटाने का साहसिक निर्णय हो या लोकतंत्र को और सशक्त करने वाले नए कानूनों का निर्माण। रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी नेतृत्व क्षमता से सभी जनप्रतिनिधियों को प्रेरणा मिलती है।

रेखा गुप्ता ने केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू, उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता का भी अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन न केवल संसदीय परंपराओं को मजबूत करेगा बल्कि राज्यों की विधानसभाओं के बीच समन्वय बढ़ाने का भी अवसर प्रदान करेगा। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने 100 साल पहले के उस ऐतिहासिक क्षण को याद किया जब 24 अगस्त 1925 को विठ्ठलभाई पटेल को केंद्रीय विधानसभा का पहला भारतीय अध्यक्ष चुना गया था। उन्होंने कहा कि यह केवल एक चुनाव नहीं बल्कि ब्रिटिश शासन के खिलाफ भारतीय लोकतंत्र की निर्णायक जीत थी। इस दिन ने साबित किया कि भारतीय अपनी आवाज बुलंद कर सकते हैं और ब्रिटिश हुकूमत की कठोर व्यवस्थाओं के बीच भी लोकतांत्रिक परंपराओं को स्थापित कर सकते हैं।

रेखा गुप्ता ने विठ्ठलभाई पटेल को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में अध्यक्ष पद की गरिमा और निष्पक्षता का उच्चतम स्तर स्थापित किया। जिस तरह सरदार वल्लभभाई पटेल ने भारत की राजनीतिक एकता को मजबूती दी, उसी तरह उनके बड़े भाई विठ्ठलभाई पटेल ने संसदीय गरिमा और अनुशासन की नींव रखी। उनकी निष्पक्षता इतनी प्रभावशाली थी कि उनके विरोधी भी उनके निर्णयों पर सवाल नहीं उठा सके। कार्यक्रम में विठ्ठलभाई पटेल की गौरव गाथा पर एक प्रदर्शनी और डॉक्यूमेंट्री प्रस्तुत की गई। इसके अलावा उनके जीवन और योगदान को समर्पित एक विशेष डाक टिकट भी जारी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रयास आने वाली पीढ़ियों को लोकतंत्र के इन नायकों से जोड़ने और उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगा।

रेखा गुप्ता ने आगे कहा कि पिछले छह महीनों में दिल्ली विधानसभा ने कई महत्वपूर्ण पहलें की हैं। इनमें विधानसभा को सौर ऊर्जा से संचालित करना, ई-विधान प्रणाली लागू करना और सचिवालय में पूरी तरह डिजिटल फाइलिंग प्रणाली शुरू करना शामिल है। इन प्रयासों ने पारदर्शिता और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं।मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की प्रेरणा से दिल्ली विधानसभा ने लोकतंत्र को और आधुनिक बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। यह सम्मेलन इस यात्रा में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव है।

रेखा गुप्ता ने अतिथियों को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली में दो दिवसीय प्रवास के दौरान वे न केवल विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे बल्कि दिल्ली की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों को भी देख सकेंगे। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री मोदी द्वारा स्थापित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के पंचतीर्थ का उल्लेख किया और सभी से वहां अवश्य जाने का आग्रह किया।अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह सम्मेलन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय बनेगा। उन्होंने सभी अतिथियों और प्रतिनिधियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि लोकतंत्र की इस ऐतिहासिक यात्रा में हम सब मिलकर भारत को ‘मदर ऑफ डेमोक्रेसी’ के गौरवशाली स्थान पर और मजबूती से स्थापित करेंगे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।