100 दिन का एजेंडा: विकसित भारत की ओर तेज़ी से कदम बढ़ाएगा देश – पीयूष गोयल
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (18 August 2025): वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि सरकार आने वाले 100 दिनों के एजेंडा ऑफ ट्रांसफॉर्मेशन के माध्यम से भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में तेज़ी से कदम बढ़ाने जा रही है। उन्होंने यह बात आज आयोजित द्वितीय लोकमत ग्लोबल इकोनॉमिक कन्वेंशन में कही।
केंद्रीय मंत्री गोयल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर दिए गए आह्वान के अनुरूप सरकार ‘पंच प्राण’ के मार्गदर्शन में देश को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की ओर अग्रसर करेगी। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतीय एकजुट होकर, औपनिवेशिक मानसिकता से मुक्त होकर और अपनी संस्कृति एवं परंपरा का सम्मान करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता के साथ इस दिशा में योगदान देंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि “दुनिया की कोई ताकत भारत को विकसित राष्ट्र बनने से रोक नहीं सकती।”
उन्होंने कहा कि दुनिया भारत को सबसे आकर्षक उपभोक्ता बाजार और निवेश गंतव्य के रूप में देख रही है। मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसी पहलों ने आपूर्ति शृंखलाओं को मज़बूत कर भारत को वैश्विक मंच पर स्थापित किया है। प्रधानमंत्री के शब्दों को उद्धृत करते हुए उन्होंने कहा, “यही समय है, सही समय है।”
मंत्री गोयल ने लोकमत समूह के संस्थापक स्वतंत्रता सेनानी स्व. श्री जवाहरलाल दर्डा को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि लोकमत आज देश का सबसे बड़ा मराठी दैनिक और प्रमुख मीडिया समूह है, जिसने सदैव महाराष्ट्र की प्रगति और जनहित को प्राथमिकता दी है।
मंत्री ने बताया कि महाराष्ट्र देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और भारत की विकास यात्रा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार नियम-कायदों को सरल कर रही है, अनुपालन का बोझ घटा रही है और उद्योगों को निर्भीक निवेश के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
पीयूष गोयल ने कहा कि भारत ने संयुक्त अरब अमीरात, मॉरीशस, EFTA देशों (स्विट्ज़रलैंड, नॉर्वे, लिकटेंस्टीन, आइसलैंड) और ब्रिटेन के साथ संतुलित और न्यायसंगत मुक्त व्यापार समझौते किए हैं और अन्य वार्ताओं में भी तेजी से प्रगति हो रही है। उन्होंने बताया कि इन समझौतों से एमएसएमई, किसान और पशुपालन क्षेत्र को सफलता मिल रही है, साथ ही भारतीय डेयरी उद्योग के हितों की रक्षा करते हुए भारतीय उत्पादों और सेवाओं को वैश्विक बाजारों में विस्तार मिल रहा है।
प्रधानमंत्री के संदेश को दोहराते हुए गोयल ने सभी से “वोकल फॉर लोकल” बनने, प्रक्रियाओं और शासन में बदलाव लाने और गुणवत्ता व लागत प्रतिस्पर्धा पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की नींव आत्मनिर्भर भारत ही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।