पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन, देश में 7 दिन का राष्ट्रीय शोक

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (27 दिसंबर, 2024): देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 26 दिसंबर 2024 को नई दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन पर पूरे देश में गहरा शोक व्यक्त किया जा रहा है। सरकार ने 26 दिसंबर 2024 से 1 जनवरी 2025 तक सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, और किसी भी तरह के आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।

डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर उनके आवास, 3 मोतीलाल नेहरू मार्ग, नई दिल्ली, पर ले जाया गया है। परिवार और करीबियों द्वारा अंतिम संस्कार के क्रियाकर्म आज किए जाने की संभावना है।

राष्ट्रपति भवन और 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर भी राष्ट्रीय ध्वज को आधा झुका दिया गया है। डॉ. मनमोहन सिंह को उनके योगदान के लिए पूरे देश में याद किया जा रहा है।

सरकार ने विदेश में भारतीय मिशनों और उच्चायोगों को भी राष्ट्रीय ध्वज आधा झुकाने के निर्देश दिए हैं। डॉ. मनमोहन सिंह ने अपने कार्यकाल में देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया और उन्हें हमेशा एक विद्वान नेता और अर्थशास्त्री के रूप में याद किया जाएगा।

देशभर के नेताओं, राजनीतिक दलों और आम जनता ने उनके निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की है।

टिप्पणियाँ बंद हैं।