पुलिस से बचने में 7 किमी तक दौड़ाई कैब, पारिवारिक यात्रियों की जान पर बन आई

टेन न्यूज नेटवर्क

NOIDA News (15/08/2025): नोएडा में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कैब ड्राइवर (Cab Driver) ने पुलिस की चेकिंग से बचने के प्रयास में एक परिवार की जान जोखिम में डाल दी। कैब में सवार चार साल की बच्ची, उसकी मां और पिता बार-बार ड्राइवर से गाड़ी रोकने की गुहार लगाते रहे, लेकिन ड्राइवर ने उनकी एक न सुनी। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल हो गया है, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ड्राइवर को हिरासत में ले लिया और गाड़ी को सीज कर दिया।

घटना की पूरी जानकारी:

मूल रूप से असम के निवासी संजय मोहन अपने परिवार के साथ ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा होम्स सोसाइटी में रहते हैं। गुरुवार को उन्होंने नोएडा सेक्टर-119 स्थित अरण्या सोसाइटी से दिल्ली के कनॉट प्लेस जाने के लिए उबर कैब बुक की थी। कैब में संजय अपनी पत्नी और चार वर्षीय बेटी के साथ सवार हुए।

संजय के अनुसार, जब कैब पर्थला फ्लाईओवर (Parthala Flyover) के पास पहुंची, तो एक चौराहे पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने कैब को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी की गति बढ़ा दी और तेजी से भागने लगा। इस दौरान एक अन्य वाहन से टक्कर भी हो गई, जिससे कैब में बैठे बच्चे और महिला यात्री बुरी तरह डर गए।

यात्री की विनती, ड्राइवर का इनकार:

करीब एक मिनट 36 सेकंड के वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि परिवार का मुखिया बार-बार ड्राइवर से भावुक होकर कहता है, भैया आगे जाकर प्रोब्लम हो जाएगी हमको, बच्चा है मेरे साथ भाई। प्लीज रोक लो, भैया आप नहीं समझ रहे हो पीछे पुलिस है, आप बच नहीं पाओगे। वो जाने नहीं देंगे तुम्हें। पैसे दे दूंगा तुमको, मैं बात कर लूंगा। मत कर, बच्चा है साथ में।

परिवार की इस दर्दभरी गुहार के बावजूद चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और लगातार तेज रफ्तार में कैब को भगाता रहा। यात्रियों ने स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए चालक से हाथापाई की कोशिश भी की।

7 किलोमीटर बाद सड़क किनारे उतारा, खुद फरार

करीब 7 किलोमीटर तक भागने के बाद, चालक ने नोएडा की एक सुनसान सड़क पर कैब को रोका और परिवार को जबरन नीचे उतारकर खुद फरार हो गया। यात्रियों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई:

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। जांच में सामने आया कि कैब चालक के पास गाड़ी के ज़रूरी दस्तावेज नहीं थे, इसी कारण वह चेकिंग के दौरान रुकने से बच रहा था। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर कैब को जब्त कर लिया है। साथ ही, उस पर ₹29,250 का चालान भी किया गया है।

सवालों के घेरे में ओला/उबर (OLA/ Uber) जैसी ऐप-आधारित सेवाएं:

इस घटना ने एक बार फिर ऐप-बेस्ड कैब सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर कैसे एक बिना दस्तावेज़ों वाला ड्राइवर प्लेटफॉर्म पर सक्रिय था? यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है — ड्राइवर की, ऐप कंपनी की या प्रशासन की?

फिलहाल मामला जांच में:

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, कैब कंपनी से भी जवाब तलब किया जा रहा है। संजय मोहन और उनका परिवार फिलहाल सुरक्षित है लेकिन घटना के बाद गहरे सदमे में है। यह घटना न केवल कैब ड्राइवरों की गैर-जिम्मेदाराना हरकत की गंभीरता दिखाती है, बल्कि ऐप-आधारित सेवाओं में सुरक्षा मानकों की समीक्षा की आवश्यकता को भी उजागर करती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।