Janmu – Kashmir (14/08/2025): जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में गुरुवार को मचैल माता मंदिर मार्ग पर चशोती गांव में बादल फटने से बड़ा हादसा हो गया। इस आपदा में अब तक 22 लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जबकि 50 से अधिक लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। चशोती गांव मंदिर मार्ग का आखिरी ऐसा स्थान है, जहां तक वाहन से पहुंचा जा सकता है, जिसके बाद पैदल यात्रा शुरू होती है।
यह घटना उस समय हुई जब कई श्रद्धालु मचैल माता यात्रा के लिए इलाके से गुजर रहे थे। किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज शर्मा ने बताया कि अचानक आई बाढ़ ने पूरे क्षेत्र में तबाही मचा दी। एनडीआरएफ की दो टीमों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया है और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। पहले 12 शव मिलने की पुष्टि हुई थी, लेकिन समय बीतने के साथ मृतकों का आंकड़ा बढ़ा।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात कर स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि इलाके से सटीक और वेरिफाइड जानकारी आने में समय लग रहा है, लेकिन बचाव के लिए जम्मू-कश्मीर के भीतर और बाहर से सभी संसाधन जुटाए जा रहे हैं। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा कि केंद्र सरकार स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है और जरूरतमंदों को हर संभव सहायता दी जाएगी।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी किश्तवाड़ के उपायुक्त से बात कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि चशोती क्षेत्र में भीषण बादल फटने से भारी जनहानि की आशंका है और प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है। उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन जारी है और आवश्यक बचाव एवं चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उनके कार्यालय को लगातार अपडेट मिल रहे हैं और हर प्रकार की मदद दी जाएगी।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। उन्होंने सिविल, पुलिस, सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के अधिकारियों को राहत और बचाव अभियान तेज करने और प्रभावितों को हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए। इलाके में फिलहाल बचाव कार्य जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।