किसानों के धरना प्रदर्शन से यातायात डायवर्जन, असुविधा से बचने के लिए अपनाएं वैकल्पिक मार्ग

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (02 दिसंबर 2024): सोमवार, 02 दिसंबर को दिल्ली में किसानों द्वारा अपनी समस्याओं को लेकर प्रस्तावित धरना प्रदर्शन के कारण गौतमबुद्ध नगर और दिल्ली सीमा से जुड़ी सभी प्रमुख सड़कों पर यातायात दबाव बढ़ सकता है। इस दौरान दिल्ली पुलिस और गौतमबुद्ध नगर पुलिस द्वारा सघन चेकिंग की जाएगी और जरूरी होने पर यातायात डायवर्जन किया जाएगा।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात असुविधा से बचने के लिए मेट्रो सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करें। इसके अलावा, यमुना एक्सप्रेस-वे से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे होते हुए दिल्ली जाने वाले वाहनों तथा सिरसा से परीचौक होकर सूरजपुर जाने वाले मार्ग पर मालवाहक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

विभिन्न मार्गों के लिए यातायात डायवर्जन की योजना इस प्रकार है:

1. चिल्ला बॉर्डर से ग्रेटर नोएडा की ओर जाने वाले वाहन: ये वाहन सैक्टर 14ए फ्लाईओवर से गोलचक्कर चौक सैक्टर 15 होकर संदीप पेपर मिल चौक, झुण्डपुरा चौक से गंतव्य तक जा सकते हैं।

2. डीएनडी बॉर्डर से दिल्ली जाने वाले वाहन: ये वाहन फिल्मसिटी फ्लाईओवर से सैक्टर 18 होकर एलीवेटेड मार्ग का प्रयोग कर अपने गंतव्य तक जा सकते हैं।

3. कालिंदी बॉर्डर से दिल्ली आने वाले वाहन: ये वाहन महामाया फ्लाईओवर से सैक्टर 37 होकर गंतव्य तक जा सकते हैं।

4. ग्रेटर नोएडा से दिल्ली जाने वाले वाहन: ये वाहन चरखा गोलचक्कर से कालिंदी कुंज होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।

5. ग्रेटर नोएडा से दिल्ली जाने वाले अन्य वाहन: ये वाहन हाजीपुर अंडरपास से कालिंदी कुंज की ओर, तथा सैक्टर 51 से सैक्टर 60 होते हुए मॉडल टाउन से अपने गंतव्य तक जा सकते हैं।

6. यमुना एक्सप्रेस-वे से दिल्ली जाने वाले वाहन: ये वाहन जेवर टोल से खुर्जा की ओर उतरकर जहांगीरपुर होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।

7. पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से दिल्ली जाने वाले वाहन: ये वाहन सिरसा पर न उतरकर दादरी और डासना होकर अपने गंतव्य तक जा सकते हैं।

8. आपातकालीन वाहन: इन वाहनों को डायवर्जन के दौरान सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचने की अनुमति दी जाएगी।

 

यातायात असुविधा उत्पन्न होने पर लोग यातायात हेल्पलाइन नम्बर 9971009001 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने आम जन से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और मेट्रो सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करें।।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।