कांग्रेस सांसद जयराम रमेश को चुनाव आयोग ने क्यों बुलाया?, जानें क्या है पूरा मामला
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (11/08/2025): बिहार में हुई विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया और विपक्ष द्वारा कर्नाटक, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव तथा 2024 के लोकसभा चुनाव में कथित वोट चोरी के आरोपों के बीच चुनाव आयोग ने कांग्रेस सांसद जयराम रमेश को बैठक के लिए बुलाया है। आयोग ने पत्र भेजकर 11 अगस्त को दोपहर 12 बजे सुकुमार सेन हॉल, निर्वाचन सदन, अशोक रोड, नई दिल्ली में बैठक तय की है। यह मुलाकात विपक्षी दलों के संयुक्त अनुरोध पर हो रही है, जिसमें कई अहम राजनीतिक और चुनावी मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
आयोग के सचिव अश्वनी कुमार मोहल ने जयराम रमेश को लिखे पत्र में कहा है कि 10 अगस्त को मिला उनका पत्र संज्ञान में लेकर बैठक का समय निर्धारित किया गया है। इस बातचीत में विपक्षी दलों की ओर से लगाए गए आरोपों, चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और हालिया राज्यों के चुनावों से जुड़े विवादित बिंदुओं पर विचार हो सकता है। राजनीतिक हलकों में इसे विपक्ष और चुनाव आयोग के बीच टकराव के बीच एक अहम संवाद माना जा रहा है।
बैठक को लेकर आयोग ने स्पष्ट किया है कि स्थान की सीमित क्षमता के कारण अधिकतम 30 लोगों को ही शामिल होने की अनुमति होगी। इसके लिए प्रतिभागियों के नाम और उनके वाहन नंबर पहले से आयोग को भेजने होंगे। आयोग ने इस जानकारी के लिए ईमेल आईडी election@eci.gov.in उपलब्ध कराई है, ताकि सुरक्षा और व्यवस्थागत तैयारियों को समय रहते पूरा किया जा सके।
हालांकि जयराम रमेश की तरफ से अभी तक इस पत्र के जवाब में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। वहीं दूसरी तरफ तमाम विपक्षी सांसदों ने आज संसद भवन से लेकर चुनाव आयोग भवन तक पैदल मार्च का ऐलान कर दिया है। इस पैदल मार्च को देखते हुए ऐतिहातन पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।