बड़ी खबर: सीएम योगी की मां सावित्री देवी का निधन, 91 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
टेन न्यूज नेटवर्क
Uttar Pardesh News (20 नवंबर 2026): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार से दुखद खबर सामने आई है। उनकी माता सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। उन्होंने 91 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव से उनके निधन की खबर आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भाई महेंद्र ने फोन पर इस दुखद समाचार की पुष्टि की है। मां के निधन की खबर से परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर है।
सावित्री देवी उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में रहती थीं। वह एक गृहिणी थीं और उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। बीते कुछ महीनों में भी उनकी तबीयत कई बार खराब हुई थी। 14 मई 2024 को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते उन्हें ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। उस समय उन्हें जिरियाट्रिक वार्ड में रखा गया था और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे थे।
योगी आदित्यनाथ का पैतृक परिवार उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में रहता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्म भी इसी गांव में हुआ था। उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का वर्ष 2020 में 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। पिता के निधन के बाद परिवार पंचूर गांव में ही रह रहा था। सावित्री देवी अपने परिवार के साथ गांव में जीवन व्यतीत कर रही थीं। उनके निधन से परिवार को अपूरणीय क्षति पहुंची है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
मुख्यमंत्री धामी ने आगे लिखा कि उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। सावित्री देवी के निधन की खबर के बाद राजनीतिक और सामाजिक जगत से शोक संवेदनाएं व्यक्त किए जाने का सिलसिला जारी है। मां के निधन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गहरा व्यक्तिगत आघात पहुंचा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।