NOIDA News (28/07/2025): नोएडा के सेक्टर-6 स्थित एनईए ऑडिटोरियम में रविवार, 27 जुलाई 2025 को “एकलव्य की खोज” नामक एक अत्यंत प्रेरणादायक और भावपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। नवरत्न फाउंडेशन्स (रजि.) और दिव्य तरंग एजुकेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस आयोजन का उद्देश्य वंचित और संसाधनविहीन पृष्ठभूमि से आने वाले बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को समाज के समक्ष लाना था।
इस आयोजन में बच्चों ने अपने भीतर छिपी कला, आत्मविश्वास और जुनून का ऐसा प्रदर्शन किया कि पूरा ऑडिटोरियम तालियों से गूंज उठा। बच्चों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से न केवल मंच को जीवंत किया बल्कि यह सिद्ध कर दिया कि यदि उन्हें अवसर दिया जाए तो वे भी समाज में अपनी विशिष्ट पहचान बना सकते हैं। भाषण, गायन और नृत्य जैसी विविध विधाओं में हुई प्रतियोगिताओं में बच्चों ने भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और लोककथाओं को अपने अंदाज़ में प्रस्तुत किया, जिससे दर्शक भावविभोर हो उठे।

कार्यक्रम में निर्णायकों की भूमिका में भाषण कला के लिए प्रदीप शर्मा, गायन के लिए दीपक नायडू और नृत्य के लिए कल्पना भूषण उपस्थित रहे। निर्णायकों ने बच्चों की प्रतिभा को न केवल सराहा बल्कि उन्हें उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को “सर्वोत्तम एकलव्य” पुरस्कार से सम्मानित किया गया। भाषण में मास्टर आयुष, गायन में कुमारी नेहा कामत और नृत्य में कुमारी खुशबू को इस सम्मान से नवाजा गया। इसके अतिरिक्त 18 बच्चों को ‘अति उत्तम एकलव्य’ पुरस्कार प्रदान कर उनकी मेहनत और लगन को सराहा गया।
कार्यक्रम की सफलता में समाजसेवा के क्षेत्र से जुड़े कई नवरत्न फ़ाउंडेशंस डॉ. अशोक श्रीवास्तव, विक्की यादव, ए वी मुरलीधरन; समाज सेविका नीतू भंडारी और ममता अधिकारी का योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। इनके मार्गदर्शन में यह आयोजन एक मिशन की तरह आयोजित हुआ, जिसमें सिर्फ प्रदर्शन नहीं, बल्कि बच्चों की आत्मा और संघर्ष की गूंज भी थी।
कार्यक्रम को लेकर डॉ. अशोक श्रीवास्तव (निदेशक, नवरत्न फाउंडेशन्स) टेन न्यूज से वार्तालाप में कहा, “हमारे हिंदुस्तान के हर बच्चे में एक एकलव्य छिपा होता है, ज़रूरत बस उसे पहचानने और अवसर देने की है। हमारी कोशिश है कि वंचित वर्ग के बच्चों की प्रतिभा समाज के सामने आए और वे आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार कर सकें।”
कार्यक्रम में डॉ. पीयूष द्विवेदी, करुणेश शर्मा, उपदेश भारद्वाज, विनोद मिश्रा और पद्मा जी जैसी गणमान्य हस्तियों की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमा प्रदान की। वहीं, एक्टिव एनजीओ ग्रुप नोएडा का विशेष सहयोग आयोजन की रूपरेखा को साकार करने में अहम रहा।
दर्शकों की प्रतिक्रियाएं इस आयोजन की सच्ची सफलता की परिचायक रहीं। हर प्रस्तुति के पश्चात गूंजती तालियों और दर्शकों के चेहरों पर खिलती मुस्कानों ने यह सिद्ध कर दिया कि “एकलव्य की खोज” केवल एक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि यह वंचित बच्चों की उम्मीदों, आत्मसम्मान और भविष्य की दिशा में एक सार्थक सामाजिक कदम था – एक ऐसा प्रयास जिसने साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी वर्ग की मोहताज नहीं होती, बस उसे एक मंच की दरकार होती है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।