राजस्थान कल्याण परिषद महज एक संस्था नहीं हमारा परिवार है: सांसद डॉ महेश शर्मा | प्रिया गोल्ड तीज महोत्सव

टेन न्यूज नेटवर्क

NOIDA News (27/07/2025): नोएडा स्थित अग्रसेन ऑडिटोरियम में राजस्थान कल्याण परिषद द्वारा वार्षिक प्रिया गोल्ड तीज महोत्सव इस वर्ष भी उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस बार की थीम “हम, तुम और एआई” रही, जिसमें सांस्कृतिक विरासत और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) का सुंदर समन्वय देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक राजस्थानी रीति-रिवाजों और परिधानों के साथ हुई। रंग-बिरंगे लहंगे, चुनरी और धोती-कुर्ता में सजे प्रतिभागियों ने माहौल को जीवंत बना दिया।

मुख्य आकर्षण “शिव विवाह – शून्य से पूर्णता तक” नामक नृत्य-नाटिका रही, जिसमें शिव और पार्वती की कथा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसके अतिरिक्त राजस्थानी लोकगीत, लोकनृत्य, बच्चों की रैंप वॉक और विरासत रैंप वॉक ने दर्शकों को खूब रिझाया। समापन सूफियाना कव्वाली के साथ हुआ। इस बार मंच संचालन में भी नवाचार देखने को मिला, जब AI सह-संचालिका ‘एआई पारुल महेश्वरी’ ने मीनाक्षी राठी और सरिता गुप्ता के साथ कार्यक्रम का संचालन किया। आयोजन के संयोजन में पारुल महेश्वरी, सरिता गुप्ता और रंजना सोनी का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम में नोएडा की कई सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। विशेष अतिथि के रूप में गौतमबुद्ध नगर के सांसद एवं संस्था संरक्षक डॉ. महेश शर्मा उपस्थित रहे, जिनका भव्य स्वागत किया गया।

सांसद डॉ. महेश शर्मा का भावुक संबोधन

सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने अपने भावनात्मक संबोधन में परिषद के योगदान और मारवाड़ी समाज की सांस्कृतिक विरासत की सराहना की। उन्होंने इसे एक संस्था नहीं, बल्कि “परिवार” बताते हुए कहा कि इस मंच से जुड़कर उन्हें एक अलग ही आत्मीय अनुभूति होती है।

डॉ. शर्मा ने कहा, 42 वर्षों के इस सफर में जब भी राजस्थान कल्याण परिषद की बात आती है, तो ऐसा लगता है जैसे मैं अपने परिवार, अपने लोगों के बीच आ गया हूं। मैं उन सभी लोगों का आभार प्रकट करता हूं जिन्होंने इस संस्था को संवारने में अपना योगदान दिया। खासकर आदरणीय अग्रवाल जी, जो आज हमारे बीच नहीं हैं, उनकी कमी हमेशा खलती है। उन्होंने जिस नींव पर इस संस्था को खड़ा किया, वह आज एक सशक्त इमारत बन चुकी है।

उन्होंने मारवाड़ी समाज की प्रशंसा करते हुए कहा कि जहां भी देश या दुनिया में मारवाड़ी लोग बसे हैं, उन्होंने न केवल व्यापार में सफलता पाई है, बल्कि अपने संस्कार, स्नेह और संस्कृति को भी साथ लेकर चले हैं।

1982 में जब मैं पहली बार नोएडा आया, तब और आज में जमीन-आसमान का फर्क है। तब नोएडा की तस्वीर कुछ और थी, लेकिन आज यह शहर देश के प्रमुख शहरों में गिना जाने लगा है – चाहे वह इंफ्रास्ट्रक्चर हो या एयर कनेक्टिविटी। नोएडा ने मुंबई और चंडीगढ़ जैसे शहरों को भी कई मायनों में पीछे छोड़ दिया है, उन्होंने कहा।

डॉ. शर्मा ने ‘ड्रेस एंड एड्रेस डिफाइन योर पर्सनैलिटी’ का ज़िक्र करते हुए कहा कि हमारा एड्रेस भले ही नोएडा हो, लेकिन हमारी आत्मा राजस्थान की माटी में रची-बसी है। यही संगम हमारी असली पहचान है।उन्होंने यह भी कहा कि मारवाड़ी समाज स्वभाव से शांतिप्रिय, सहयोगी और प्रेमभावना से भरपूर होता है। लेकिन जब यह समाज एकजुट होता है, तो उसमें अपार शक्ति होती है।

भगवान ने झुंड सिर्फ चींटियों का नहीं, शेरों का भी बनाया है। जब हम सैकड़ों की संख्या में साल में कई बार एकत्र होते हैं, तो वह हमारी एकता और शक्ति को दर्शाता है। यह हमारी संस्कृति, हमारे मूल्यों और हमारी एकता की पहचान है। हमें इस ताकत को बनाए रखना है, डॉ. शर्मा ने ज़ोर देते हुए कहा।

कार्यक्रम में संस्था से जुड़े पदाधिकारियों और सदस्यों की भी सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि बंसल , पारीक , और आरती सोनी जैसे लोग राजस्थान की संस्कृति को जीवंत बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। सोनी परिवार तो मानो रिश्तों, प्रेम और गुलाब की खुशबू का प्रतीक बन गया है।

अंत में, डॉ. महेश शर्मा ने स्पष्ट रूप से कहा, मेरे लिए सबसे पहला परिवार राजस्थान कल्याण परिषद है, बाकी सब कुछ उसके बाद आता है। यह न सिर्फ एक संगठन है, बल्कि एक जीवंत परिवार है, जो अपनत्व, प्रेम और संस्कृति का प्रतीक है।

पूर्व अध्यक्षों और वरिष्ठ सदस्यों की उल्लेखनीय उपस्थिति

इस भव्य आयोजन में संस्था के पूर्व अध्यक्षों व वरिष्ठ सदस्यों — जी.पी. केडिया, आर.पी. सोनी, ओ.पी. बंसल, महेंद्र शाह, विजय सोनी, अनिल अग्रवाल, अंजनी सराफ, के.सी. गुप्ता, जीवन जैन, पवन शर्मा, आर.सी. बजाज और जुगल किशोर भारती सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

साथ ही एन.के. सोडाणी, प्रकाश ईनानी, जी.सी. पारीक, ओ.पी. पारीक, एस.एन. पारीक, शांतिलाल सुराणा, एम.एम. रामावत, राजीव गुप्ता, विनय सोनी, कैलाश किला, विक्रम अग्रवाल, विष्णु गोयल और कोषाध्यक्ष अनिल जैन की सक्रिय भागीदारी उल्लेखनीय रही।

अध्यक्ष व महासचिव ने व्यक्त किया आभार

संस्था के अध्यक्ष दिनेश महेश्वरी ने सभी अतिथियों का हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि परिषद की यही एकता और सांस्कृतिक जुड़ाव इसकी सबसे बड़ी ताकत है। महासचिव रंजू माथुर ने सभी सदस्यों और सहभागियों का आभार जताया। यह तीज महोत्सव सिर्फ महिलाओं के उल्लास का उत्सव नहीं रहा, बल्कि यह एक सांस्कृतिक समागम बना जिसमें हर उम्र, वर्ग और सोच के लोगों ने भाग लिया — और ‘हम, तुम और एआई’ की परिकल्पना को साकार कर एक नई परंपरा की नींव रखी।

राजस्थान कल्याण परिषद, Noida द्वारा “प्रिया गोल्ड तीज महोत्सव” का भव्य आयोजन | Photo Highlights


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।