इग्नू को मिली पहली महिला कुलपति: प्रो. उमा कांजीलाल ने संभाला कार्यभार

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (26/07/2025): इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) को चार दशकों में पहली बार एक महिला कुलपति मिली हैं। प्रोफेसर उमा कांजीलाल ने 25 जुलाई 2025 को इग्नू की कुलपति (कुलगुरू) के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। उनकी नियुक्ति को विश्वविद्यालय के इतिहास में एक ऐतिहासिक और प्रगतिशील कदम के रूप में देखा जा रहा है। डॉ. ममता भाटिया, वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक, क्षेत्रीय केन्द्र जयपुर ने इस अवसर पर प्रो. कांजीलाल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह नियुक्ति न केवल महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर है, बल्कि विश्वविद्यालय की नई दिशा और सोच को भी दर्शाती है।

प्रो. उमा कांजीलाल इससे पूर्व इग्नू की समकुलपति एवं कार्यवाहक कुलपति के रूप में भी अपनी भूमिका निभा चुकी हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1984 में आईआईटी कानपुर में रिसर्च असिस्टेंट के रूप में की थी। इग्नू में उन्होंने लेक्चरर से लेकर प्रोफेसर तक के पदों पर कार्य करते हुए 36 वर्षों का समृद्ध अनुभव अर्जित किया है। प्रो. कांजीलाल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कॉमनवेल्थ एजुकेशन मीडिया सेंटर फॉर एशिया तथा अंतरराष्ट्रीय राहत एवं बचाव कार्यों का भी अनुभव है।

उन्होंने डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्हें ई-ज्ञान कोष के लिए प्रतिष्ठित मंथन अवार्ड तथा डेलनेट द्वारा श्रेष्ठ पुस्तक परिचालन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। वर्तमान में वे भारत सरकार की प्रमुख डिजिटल शिक्षा पहलों SWAYAM और SWAYAM PRABHA के लिए राष्ट्रीय समन्वयक की भूमिका निभा रही हैं। इग्नू के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और ऑनलाइन शैक्षणिक कार्यक्रमों के विस्तार में उनकी भूमिका निर्णायक रही है।

उनकी यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब इग्नू, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 को प्रभावी रूप से लागू करने की प्रक्रिया में है और समावेशी, लचीली तथा प्रौद्योगिकी-सक्षम शिक्षा के माध्यम से “विकसित भारत @ 2047” के विज़न को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। प्रो. उमा कांजीलाल का नेतृत्व विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों की ओर ले जाने की दिशा में एक सशक्त कदम माना जा रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।