17 कर्मठ सांसदों को मिलेगा ‘सांसद रत्न सम्मान’, जानें किन सांसदों का हुआ चयन
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (26/07/2025): लोकसभा में उत्कृष्ट प्रदर्शन और संसदीय कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए इस वर्ष 17 सांसदों को ‘सांसद रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार उन जनप्रतिनिधियों को दिया जाता है जिन्होंने संसद में अनुशासन, भागीदारी और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाकर लोकतंत्र को मजबूती प्रदान की है। भोजपुरी फिल्म अभिनेता और गोरखपुर के सांसद रवि किशन (Ravi Kishan) को भी इस सम्मान के लिए चुना गया है, जो संसद में उनकी निरंतर सक्रियता और योगदान का प्रमाण है।
इस बार सांसद रत्न पुरस्कार पाने वाले सांसदों में विभिन्न राजनीतिक दलों और राज्यों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। इनमें उड़ीसा के कटक लोकसभा सीट से भाजपा सांसद भर्तृहरि महताब (Bhartruhari Mehatab), केरल के कोल्लम लोकसभा सीट से आरएसपी के एनके प्रेमचंद्रन (NK Premchandran) , महाराष्ट्र के बारामती लोकसभा सीट से एनसीपी-एसपी की सांसद सुप्रिया सुले (Supriya Sule), महाराष्ट्र के मावला लोकसभा से शिवसेना के श्रीरंग अप्पा बारणे और ठाणे से सांसद नरेश गणपत म्हस्के,महाराष्ट्र के जलगांव से भाजपा की सांसद स्मिता उदय वाघ और राज्यसभा की सांसद मेधा विश्राम कुलकर्णी, मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से कांग्रेस की वर्षा गायकवाड़, यूपी के फूलपुर लोसाभा से प्रवीण पटेल और गोरखपुर से रवि किशन, झारखंड के गोड्डा लोकसभा से सांसद निशिकांत दुबे और जमशेदपुर से विद्युत बरन महतो, राजस्थान के पाली लोकसभा से पीपी चौधरी, तमिलनाडु के तिरुवन्ननामलाई लोकसभा सीट से डीएमके के सीएन अन्नादुरई और असम के मंगलदोई से दिलीप सैकिया के नाम शामिल हैं। इन सभी ने संसद में बहसों, सवालों और समितियों में प्रभावशाली योगदान दिया है।
इसके अलावा इस वर्ष चार वरिष्ठ सांसदों को ‘विशेष जूरी पुरस्कार’ भी प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार उन सांसदों को दिया जाता है जिन्होंने लगातार तीन कार्यकालों तक संसदीय लोकतंत्र को सशक्त बनाने में निरंतर और गंभीर भूमिका निभाई। इन सम्मानित सांसदों में भर्तृहरि महताब, एनके प्रेमचंद्रन, सुप्रिया सुले और श्रीरंग बारणे शामिल हैं। इनका कार्य अनुभव और प्रतिबद्धता संसदीय परंपराओं के लिए एक प्रेरणा है।
सांसद रत्न सम्मान की शुरुआत देश में सकारात्मक और जवाबदेह संसदीय परंपरा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई थी। यह पुरस्कार न केवल सांसदों के कार्यों की सराहना करता है बल्कि अन्य जनप्रतिनिधियों को भी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। चयन प्रक्रिया में सांसदों की संसद में उपस्थिति, प्रश्न पूछने की संख्या, निजी विधेयकों और बहसों में भागीदारी जैसे मापदंडों को आधार बनाया जाता है।
यह सम्मान समारोह जल्द ही आयोजित किया जाएगा जिसमें सभी सम्मानित सांसदों को विधिवत रूप से पुरस्कृत किया जाएगा। देशभर के लोकतंत्र प्रेमियों के लिए यह अवसर संसद की सकारात्मक छवि और जनप्रतिनिधियों की कड़ी मेहनत को सराहने का प्रतीक बन रहा है। रवि किशन जैसे लोकप्रिय चेहरे का इसमें शामिल होना यह भी दर्शाता है कि संसद में काम करने वाले जनप्रतिनिधि केवल मंच पर नहीं, ज़मीन पर भी अपने दायित्व को निभा रहे हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।