नई दिल्ली, (23 दिसंबर 2024): दिल्ली बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष रिचा पांडे मिश्रा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार दिल्ली का खजाना खाली करने का काम कर रहे हैं। रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन में रिचा पांडे ने कहा कि आम आदमी पार्टी की घोषणाएं केवल छलावा हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार ने लोकसभा चुनाव से पहले दिल्ली की महिलाओं को ₹1000 महीना देने का वादा किया था, लेकिन अब ₹2100 देने की बात कर रही है। रिचा ने इसे झूठा वादा बताते हुए कहा कि दिल्ली सरकार ने केंद्र सरकार की कई योजनाओं को रोक रखा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से गर्भवती महिलाओं को मिलने वाले ₹6000 दिल्ली में नहीं दिए जा रहे। दिल्ली के गरीबों को पीएम आवास योजना और आयुष्मान योजना का लाभ भी नहीं मिल पा रहा। 90 हजार लोगों को मिलने वाला मुफ्त राशन भी रोका हुआ है।
रिचा पांडे ने सवाल उठाया कि दिल्ली सरकार गरीबों और महिलाओं को केंद्र की योजनाओं का लाभ क्यों नहीं देना चाहती। उन्होंने कहा कि दिल्ली के बजट को घाटे में डालने के बाद अब लोगों को झूठे वादों से गुमराह किया जा रहा है।
उन्होंने केजरीवाल सरकार से अपील की कि वह केंद्र सरकार की योजनाओं को लागू करें और दिल्ली के गरीबों को राहत दें। उन्होंने कहा, “दिल्ली की जनता को कंगाल मत बनाइए। गरीबों और जरूरतमंदों को उनका हक दीजिए।”
रिचा पांडे ने दिल्ली सरकार को “खजाना खाली करने वाला जादूगर” बताया और कहा कि ऐसी राजनीति से दिल्लीवासियों का विकास संभव नहीं है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।