सर गंगाराम अस्पताल में झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन की हालत स्थिर, राजनीतिक नेताओं ने की मुलाकात

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (15/07/2025): झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ आदिवासी नेता शिबू सोरेन (Shibu Soren) की तबीयत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। उन्हें 19 जून को ब्रेन स्ट्रोक और शरीर के बाएं हिस्से में पैरालिसिस की शिकायत के बाद दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल वह अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। उम्र अधिक होने और पहले बायपास सर्जरी जैसी जटिलताओं के कारण उनकी रिकवरी में समय लग रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि वह मधुमेह और किडनी व फेफड़े की पुरानी बीमारियों से भी पीड़ित हैं।

मंगलवार को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) सर गंगाराम अस्पताल (Sir Ganga Ram Hospital) पहुंचे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) से मुलाकात कर शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुलाकात के बाद केजरीवाल ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट के माध्यम से बताया, “आज सर गंगाराम अस्पताल में जाकर मित्र हेमंत जी से मुलाकात की और उनके पूज्य पिताजी शिबू सोरेन जी का हाल जाना। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे जल्द स्वस्थ होकर घर लौटें।” इस मुलाकात की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की गईं।

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) भी अस्पताल पहुंचे और शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने भी अपने एक्स पोस्ट में लिखा, “नई दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता शिबू सोरेन जी से मिलकर स्वास्थ्य की जानकारी ली। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी से भी चर्चा की और सोरेन जी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।” राजनीतिक मतभेदों से परे यह मुलाकातें शिबू सोरेन के प्रति सभी दलों की संवेदना को दर्शाती हैं।

शिबू सोरेन का इलाज कर रहे सर गंगाराम अस्पताल के नेफ्रोलॉजी विभाग के चेयरमैन डॉ. ए.के. भल्ला ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है और बीच-बीच में उन्हें वेंटिलेटर से हटाया भी जा रहा है। हालांकि, उनकी अधिक उम्र और पहले की सर्जरी के कारण रिकवरी में अपेक्षाकृत अधिक समय लग रहा है। डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और इलाज की प्रक्रिया में कोई कमी नहीं रखी जा रही।

गौरतलब है कि 79 वर्षीय शिबू सोरेन झारखंड की राजनीति का एक मजबूत स्तंभ रहे हैं। राज्य और देश में आदिवासी हितों की आवाज़ बुलंद करने वाले इस नेता की तबीयत को लेकर पूरे झारखंड में चिंता का माहौल है। समर्थकों और झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा पूरे राज्य में उनके लिए दुआएं की जा रही हैं। डॉक्टरों की मानें तो अगर सुधार की यही गति बनी रही तो जल्द ही उनकी हालत और बेहतर हो सकती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।