ग्रेटर नोएडा वेस्ट में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार दंपति को मारी टक्कर, पत्नी की मौत
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Greater NOIDA West (13/07/ 2025): ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौड़ सिटी-2 के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। महागुन मार्ट के सामने एक तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार दंपति को बेरहमी से टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी पर केवल पति-पत्नी सवार थे और वे कहीं जा रहे थे। तभी पीछे से आ रहे एक बेकाबू डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला सड़क पर गिरते ही डंपर के नीचे आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों का सड़क पर प्रदर्शन
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बताया गया है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां पहले भी अतिक्रमण के चलते दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने कई बार अतिक्रमण हटवाने की शिकायत की थी, लेकिन प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसी लापरवाही के खिलाफ आक्रोश जताते हुए करीब 200 से अधिक स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और प्रदर्शन करने लगे।
धरने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत किया।
SHO बिसरख ने दी जानकारी
बिसरख थाना प्रभारी (SHO) ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम कर ली गई है। हादसे में शामिल डंपर को सीज कर लिया गया है और ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।