दिल्ली विधानसभा में धूमधाम से मनाया गया क्रिसमस उत्सव, सीएम आतिशी ने दिया सभी धर्मों को जोड़ने का संदेश!

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (21 दिसंबर 2024): दिल्ली विधानसभा में शुक्रवार को क्रिसमस और नए साल का उत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री आतिशी ने इस मौके पर कहा कि भारत की संस्कृति “अनेकता में एकता” का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि भले ही हम भाषा, धर्म, और पहनावे में अलग हों, लेकिन दिल से हम सभी भारतीय हैं और सभी का सम्मान करते हैं।

कार्यक्रम में सीएम आतिशी ने अपने बचपन की यादें साझा करते हुए कहा कि उनके माता-पिता दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाते थे और वे कैंपस में रहते हुए हर त्योहार को समान उत्साह के साथ मनाते थे। उन्होंने कहा कि उनके बचपन में धर्म, जाति या भाषा की दीवारें नहीं थीं।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि आज के समय में समाज में धर्म और जाति की दीवारें खड़ी हो गई हैं, लेकिन यह भारत की मूल संस्कृति नहीं है। क्रिसमस का त्योहार इस बात की याद दिलाता है कि हमें जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए और सभी को समान रूप से प्यार और सम्मान देना चाहिए।

सीएम आतिशी ने कहा कि भारत का हर धर्म आखिरी पंक्ति में खड़े व्यक्ति के लिए काम करने का संदेश देता है। पिछले 10 सालों से दिल्ली सरकार इसी सपने को साकार करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि गरीब बच्चों को शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें, यह सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने कहा कि क्रिसमस प्यार और शांति का त्योहार है और इसे मनाने का सही अर्थ तभी है जब हम विश्व शांति की दिशा में काम करें।

इस अवसर पर कई चर्चों के प्रमुख, आर्चबिशप अनिल जोसेफ थॉमस कूटो और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।