गाजियाबाद में पेपर फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 18 दमकल गाड़ियां मौजूद

टेन न्यूज नेटवर्क

गाजियाबाद (07 जुलाई 2025): साहिबाबाद लिंक रोड स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार सुबह एक पेपर फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। यह हादसा ईशान पेपर्स प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में हुआ, जहां अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी भयावह थी कि काले धुएं के गुबार ने पूरे इलाके को ढक लिया और लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं। देखते ही देखते इलाके में अफरा-तफरी जैसे हालात बन गए।

दमकल विभाग को सुबह करीब 3:29 बजे आग की सूचना मिली, जिसके बाद गाजियाबाद के वैशाली फायर स्टेशन समेत आसपास के स्टेशनों से कुल 18 दमकल गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं। आग फैक्ट्री के बेसमेंट और अपर ग्राउंड फ्लोर पर रखे पेपर रोल्स और शीट्स में लगी थी, जिससे आग तेजी से फैल गई। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर अतिरिक्त दमकल यूनिट्स भी बुलवाई गईं और सभी फायर यूनिट्स ने मिलकर आग पर काबू पाने का अभियान चलाया। फायर ब्रिगेड की तत्परता से आसपास की तीन से चार फैक्ट्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे एक बड़ा औद्योगिक हादसा टल गया।

हालांकि, आग लगने के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है और दमकल विभाग द्वारा आग बुझाने का कार्य अभी भी जारी है। संबंधित विभाग घटना की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। गनीमत रही कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन लाखों का माल जलकर राख हो गया है। इस हादसे ने औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।