Noida में बिजली संकट पर हंगामा, RWA का जोरदार प्रदर्शन

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नोएडा, (06 जुलाई, 2025): सेक्टर-56 आरडब्ल्यूए (Sector -56 RWA) के नेतृत्व में रविवार सुबह सेक्टरवासियों का आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा। लगभग 100 से अधिक निवासी सामुदायिक केंद्र से एकजुट होकर सैक्टर-11 स्थित बिजली घर पहुंचे और बिजली विभाग (Electricity Department) के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष संजय मावी (Sanjay Mavi) ने किया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि क्षेत्र में बिना किसी पूर्व सूचना के हर घंटे बिजली की आपूर्ति बाधित की जा रही है—विशेष रूप से सुबह के समय जब पानी आता है और रात को जब राहत की ज़रूरत होती है। इससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

संजय मावी ने बताया कि बिजली विभाग द्वारा सेक्टर की तारें पूरी तरह बदली नहीं गई हैं, जबकि कागज़ों में कार्य पूर्ण दर्शा दिया गया है। कई पोल्स अब भी जर्जर हालत में हैं, और जिन्हें बदला गया है, वे भी अधूरे पड़े हैं।

हाई टेंशन लाइन के भूमिगत कार्य की गति बेहद धीमी है—तीन महीने बीतने के बावजूद क्षेत्र में खुदाई के गड्ढे खुले पड़े हैं, जिनमें वाहन फँसते हैं और दुपहिया वाहन चालक गिरते हैं। धूल और गंदगी से वातावरण भी दूषित हो रहा है।

स्थानीय लोगों ने कहा कि ऊँची दरों पर बिल चुकाने के बावजूद उन्हें “नरक जैसी स्थिति” में रहना पड़ रहा है। मौके पर मौजूद जूनियर इंजीनियर महेश जी को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें सभी समस्याएं विस्तारपूर्वक लिखी गई हैं।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संजय मावी ने बताया कि इस पूरे विरोध प्रदर्शन का वीडियो मुख्यमंत्री को भेजा जा रहा है और मामले की ओर शीघ्र संज्ञान लेने की माँग की जा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।