योगी सरकार का बड़ा कदम: संकटग्रस्त महिलाओं के पुनर्वास के लिए शुरू होगा ‘शक्ति सदन’
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (20 दिसंबर 2024): उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं के उत्थान और पुनर्वास की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य में संकटग्रस्त घरेलू हिंसा से पीड़ित और आपदाओं से प्रभावित महिलाओं को मुख्यधारा में जोड़ने के उद्देश्य से ‘शक्ति सदन’ योजना की शुरुआत की जा रही है। इस योजना के तहत प्रदेश के 10 जिलों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शक्ति सदन का संचालन किया जाएगा।
महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित यह योजना केंद्र सरकार की ‘मिशन शक्ति’ के तहत “सामर्थ्य” उप-योजना का हिस्सा है। शक्ति सदन में 50 महिलाओं के रहने की व्यवस्था होगी। इन महिलाओं को आश्रय, भोजन, कपड़े, प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं, और अन्य बुनियादी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। साथ ही, उनके पुनर्वास और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
शक्ति सदन योजना के पहले चरण में जिन जिलों को चुना गया है, उनमें वाराणसी, अलीगढ़, आजमगढ़, कानपुर नगर, चित्रकूट, झांसी, गोंडा, बस्ती, मिर्जापुर और सहारनपुर शामिल हैं। इन जिलों में योजना के लिए उपयुक्त आवासीय भवनों का चयन किया जा रहा है। यह भवन ऐसी जगह पर होंगे जहां से जिला मुख्यालय तक पहुंचना आसान हो और परिवहन की सुविधा बेहतर हो।
हर शक्ति सदन में 50 महिलाओं के रहने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए किराए के भवनों का चयन किया जा रहा है। भवनों में महिलाओं को आश्रय देने के साथ उनकी जरूरतों का पूरा ख्याल रखा जाएगा। शक्ति सदन के सुचारू संचालन के लिए सेवा प्रदाताओं के माध्यम से 9 कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी। इन कर्मचारियों में प्रशासनिक और देखभाल से जुड़े विशेषज्ञ शामिल होंगे।
यह पहल राज्य सरकार द्वारा संकटग्रस्त महिलाओं के पुनर्वास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। शक्ति सदन न केवल महिलाओं को सुरक्षित आश्रय प्रदान करेगा, बल्कि उन्हें समाज में दोबारा स्थापित करने और उनकी आत्मनिर्भरता बढ़ाने में भी मदद करेगा। इस योजना के सफल क्रियान्वयन के बाद इसे राज्य के अन्य जिलों में भी लागू किए जाने की संभावना है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।