प्रदूषण, कृत्रिम वर्षा से लेकर ‘देवी’ बस तक – सौरभ भारद्वाज ने भाजपा और केंद्र सरकार पर साधा निशाना

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (28 जून 2025): आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) और केंद्र सरकार पर एक के बाद एक कई तीखे आरोप लगाए। उन्होंने दिल्ली के गंभीर प्रदूषण संकट, कृत्रिम वर्षा योजना में रोड़े अटकाने, एंटी-करप्शन ब्यूरो (ACB) द्वारा दर्ज की गई FIR, प्रदर्शन के अधिकार और भगवा रंग की नई ‘देवी’ नामक इलेक्ट्रिक बसों जैसे मुद्दों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण हर साल अक्टूबर-नवंबर में जानलेवा स्तर पर पहुंच जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए केजरीवाल सरकार ने वैज्ञानिक सोच के साथ क्लाउड सीडिंग के ज़रिए आर्टिफिशियल रेन कराने की योजना बनाई थी, जिससे हवा की गुणवत्ता में सुधार हो सके। लेकिन भाजपा ने इसे ‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने’ कहकर मजाक उड़ाया और केंद्र सरकार ने अनुमति नहीं दी। भारद्वाज ने पूछा कि अब भाजपा खुद उसी योजना की नकल क्यों कर रही है?

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली में जो नई प्रदूषण मापने वाली मशीनें लगाई गई हैं, उन्हें जानबूझकर ऐसी जगहों पर लगाया गया है जहां पेड़-पौधे ज्यादा हैं, जिससे प्रदूषण का स्तर कम दिखाया जा सके।

FIR को लेकर भारद्वाज ने कहा कि ACB ने उनके और सत्येंद्र जैन के खिलाफ केस दर्ज किया है, जबकि केंद्र सरकार की ही रिपोर्ट के मुताबिक 56% सरकारी प्रोजेक्ट तीन साल से ज्यादा लेट चल रहे हैं और 835 प्रोजेक्ट समय से पूरे नहीं हो पा रहे। उन्होंने बुलेट ट्रेन परियोजना का उदाहरण देते हुए कहा कि इस ड्रीम प्रोजेक्ट की लागत 1 लाख करोड़ से बढ़कर 2 लाख करोड़ हो चुकी है, फिर भी कोई एफआईआर नहीं हुई। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या रेल मंत्री और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी केस दर्ज होगा?

प्रदर्शन के अधिकार पर बोलते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पहले निर्भया कांड में लोग प्रधानमंत्री निवास के सामने प्रदर्शन करते थे। अब अगर आम आदमी पार्टी गरीबों के हक में जंतर मंतर पर प्रदर्शन करना चाहती है तो वह उसका संवैधानिक अधिकार है। अगर पुलिस ने रोका और किसी तरह की समस्या हुई तो इसकी जिम्मेदारी भाजपा और दिल्ली पुलिस की होगी।

भगवा रंग की ‘देवी’ नामक नई बसों को लेकर उन्होंने कहा कि वह हिंदू हैं और देवी शब्द के प्रति श्रद्धा रखते हैं, लेकिन बसों का नाम ‘देवी’ रखना और उन्हें भगवा रंग देना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि बसें सार्वजनिक होती हैं, जहां लोग थूकते हैं, उल्टी करते हैं, गंदगी फैलाते हैं – ऐसे में यह आस्था का अपमान होगा। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री चाहें तो अपना घर या दफ्तर भगवा रंग में रंगवा लें, लेकिन सार्वजनिक संसाधनों का नामकरण सोच-समझकर किया जाना चाहिए।

इस तरह सौरभ भारद्वाज ने एक साथ कई मुद्दों पर भाजपा को घेरा और केजरीवाल सरकार की योजनाओं को लेकर अपना पक्ष मजबूती से रखा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।