‘भाजपा खड़ी कर रही गगनचुंबी इमारतें, खत्म कर रही हरियाली’, पेड़ों की कटाई पर कांग्रेस हमलावर

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (23 जून 2025): दिल्ली में पेड़ों की अंधाधुंध कटाई को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव (Devender Yadav) ने कहा कि भाजपा शासित एजेंसियों द्वारा ‘सामूहिक पुनर्वास परियोजना’ के नाम पर राजधानी में हरियाली का गला घोंटा जा रहा है। उन्होंने खासतौर से कट्टरबा नगर क्षेत्र का हवाला देते हुए कहा कि यहां पेड़ों को काटकर गगनचुंबी इमारतें खड़ी की जा रही हैं, जिससे न केवल पर्यावरण को नुकसान हो रहा है, बल्कि स्थानीय निवासियों की सांस लेना भी दूभर होता जा रहा है।

देवेंद्र यादव ने दिल्ली में चल रही पुनर्वास परियोजना को पर्यावरण विरोधी करार दिया और बताया कि अकेले कट्टरबा नगर में 856 पेड़ काटे जा चुके हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी संख्या में पेड़ों की बलि देकर अगर केवल इमारतें खड़ी करनी हैं, तो सरकार हरित दिल्ली के दावे क्यों करती है? उन्होंने कहा कि इन पेड़ों की जगह पौधारोपण को लेकर जो दावे किए गए हैं, वे भी केवल कागजों पर सीमित हैं।

कांग्रेस ने दिल्ली सरकार से जवाब मांगा है कि अगर विकास के नाम पर पेड़ काटे जाएंगे और हरियाली खत्म होगी, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और सुरक्षित पर्यावरण कैसे मिलेगा? देवेंद्र यादव ने यह भी आरोप लगाया कि पर्यावरणीय मंजूरी और जनसुनवाई की प्रक्रिया को नजरअंदाज करके निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली को ‘कंक्रीट जंगल’ में बदलने की होड़ लगी है और भाजपा इसमें सबसे आगे है।

दिल्ली कांग्रेस ने यह भी चिंता जताई है कि कट्टरबा नगर जैसी जगहों पर जिन परियोजनाओं के तहत पेड़ों की कटाई की गई है, वहां पुनर्प्रतिस्थापन के आदेश भी ठीक से नहीं निभाए गए हैं। वर्ष 2019 से 2021 के बीच में कुल 133 पेड़ों को हटाया गया था, लेकिन उनके बदले पौधे रोपने का काम अधूरा रह गया। देवेंद्र यादव ने सवाल किया कि आखिर इस लापरवाही की जवाबदेही कौन तय करेगा?

कांग्रेस ने यह मांग की है कि दिल्ली में चल रही हर परियोजना के तहत पेड़ कटाई से पहले स्पष्ट सार्वजनिक सूचना दी जाए, और उसके बाद स्थानीय लोगों से विचार-विमर्श करके ही कोई कार्यवाही हो। इसके साथ ही, उन्होंने मांग की कि पेड़ काटने के हर आदेश के साथ उसके बदले कितने पेड़ कहां लगाए गए, उसकी निगरानी के लिए स्वतंत्र एजेंसी बनाई जाए।

इस पूरे मामले पर कांग्रेस ने एलजी से लेकर दिल्ली सरकार तक सभी संबंधित एजेंसियों से जवाबदेही तय करने की मांग की है। पार्टी ने कहा कि पेड़ों की कटाई और पर्यावरण विनाश के विरोध में वह आने वाले दिनों में राजधानी भर में जनजागरण अभियान चलाएगी और जरूरत पड़ी तो आंदोलन भी करेगी। कांग्रेस का कहना है कि हरियाली बचाने की जिम्मेदारी केवल सरकारी तंत्र की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है, और वह इसके लिए हर मंच पर आवाज बुलंद करेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।