अग्रसेन भवन में योग शिविर का आयोजन, आचार्य कर्मवीर जी ने दिए स्वास्थ्य लाभ के मंत्र
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (22 जून 2025): अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (International yoga day) के उपलक्ष्य में श्री महाराजा अग्रसेन वैश्य सेवा समिति, ग्रेटर नोएडा द्वारा स्वर्ण नगरी स्थित अग्रसेन भवन में एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध योगाचार्य आचार्य कर्मवीर जी ने योग की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास करवाया और उनके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल हुई, जिसमें समाज के अनेक गणमान्य सदस्य व महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योगाचार्य कर्मवीर जी ने प्रतिभागियों को योग के दैनिक अभ्यास की महत्ता बताते हुए कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य (Physical Health) का माध्यम है, बल्कि मानसिक शांति (Mental Peace) और ऊर्जा का भी स्रोत है। यदि व्यक्ति प्रतिदिन मात्र 30 मिनट की वॉक और 30 मिनट का योगाभ्यास करे, तो वह स्वयं को दीर्घकालीन रूप से स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनाए रख सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि योग को अपने दैनिक जीवन में शामिल करेंगे। जो लोग अभी तक नियमित योग नहीं करते, उन्हें इस दिन से इसकी शुरुआत करनी चाहिए।

इस योग सत्र में समाज के कई प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें सौरभ बंसल, नवीन जिंदल, मनोज गुप्ता, पवन गोयल, पुष्पेंद्र गोयल, राजेश गुप्ता, आशीष गुप्ता, अरुण गुप्ता, अशोक अग्रवाल, सत्यप्रकाश अग्रवाल, ऋषि गोयल, अतुल जिंदल, विनोद गुप्ता, अंकुर गर्ग, और महिपाल गर्ग शामिल रहे। इसके साथ ही अनेक महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे कार्यक्रम में उत्साह का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम के अंत में समिति की ओर से सभी प्रतिभागियों को योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की गई। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सभी पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा।इस आयोजन ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि समाज में स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और योग इसका महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।