मूंजखेड़ा गांव में भाकियू की महासभा, किसानों की समस्याओं पर गंभीर मंथन
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (19 जून 2025): ग्रेटर नोएडा के मूंजखेड़ा गांव में भारतीय किसान यूनियन (Bhartiya Kisan Union) की एक महत्वपूर्ण महासभा का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर चर्चा हुई। इस अवसर पर संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष गीता भाटी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। ग्रामीणों और संगठन के पदाधिकारियों ने गीता भाटी का जोरदार स्वागत किया और फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
बैठक में संगठन के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय किसानों ने भाग लिया। महासभा में किसानों, गरीबों, मजदूरों और समाज के वंचित वर्गों के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। गीता भाटी ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय किसान यूनियन न केवल किसानों की बल्कि समाज के हर पीड़ित वर्ग की सशक्त आवाज बनकर उभरेगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि संगठन किसानों की समस्याओं को सीधे सरकार तक पहुंचाएगा और उनके समाधान के लिए संघर्ष का रास्ता अपनाएगा।
गीता भाटी ने यह भी जानकारी दी कि किसानों की प्रमुख मांगों और मुद्दों को लेकर निकट भविष्य में बड़े आंदोलन की योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों को उनका हक नहीं मिल जाता, तब तक संगठन पीछे नहीं हटेगा।
बैठक के दौरान गिल्लू प्रधान को संगठन का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया। यह घोषणा करते हुए संगठन ने उन्हें बधाई दी और आशा जताई कि वे संगठन को और मजबूती प्रदान करेंगे। इस महासभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाकियू की सदस्यता ग्रहण की और संगठन के साथ मिलकर किसानों की आवाज बुलंद करने की शपथ ली।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारियों में बिजेंद्र कसाना, मंडल अध्यक्ष पवन शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मिथलेश सिंह, महिला जिला अध्यक्ष संध्या चौहान, वाहिद भाटी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. ताहिर, जिला उपाध्यक्ष सादिक भाई, प्रदेश उपाध्यक्ष आसिफ उस्मानपुर, शाहरुख, बबली सिंह, अंसार भाटी, राशिद पहलवान और आदिल खान सहित कई अन्य लोग शामिल रहे।
बैठक का उद्देश्य किसानों को संगठित करना, उनकी आवाज को बुलंद करना और सरकार को उनके मुद्दों की ओर ध्यान आकर्षित कराना रहा। संगठन ने साफ संकेत दिए हैं कि यदि जल्द किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो बड़े आंदोलन की तैयारी की जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।