NPCL की निरंतर उत्कृष्टता और प्रदेश में सबसे कम बिजली दर के लिए ऊर्जा मंत्री ने की सराहना

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (18 दिसंबर 2024): उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने विधानसभा में बिजली दरों और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के दौरान नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) की कार्यशैली की सराहना की। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा तय बिजली दरें निजी कंपनियों पर भी लागू होती हैं। एनपीसीएल, जो नोएडा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की फ्रेंचाइजी के रूप में काम करती है, इन्हीं दरों पर काम करती है।

NPCL द्वारा प्रदेश में सबसे सस्ती बिजली दर

मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि एनपीसीएल का टैरिफ पूरे प्रदेश की औसत बिजली दरों से 10% तक कम है। यह उपलब्धि विशेष रूप से उल्लेखनीय है क्योंकि एनपीसीएल को लाइफलाइन कंज्यूमर्स को सब्सिडी देने के लिए सरकार से कोई अतिरिक्त वित्तीय सहायता नहीं मिलती। इसके बावजूद, कंपनी ने ग्रेटर नोएडा के उपभोक्ताओं को किफायती और बेहतर बिजली सेवाएं देने का अपना वादा पूरा किया है।

मंत्री ए.के. शर्मा ने चर्चा के दौरान पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल को प्रासंगिक और उपयोगी बताते हुए इसे नकारने को अनुचित बताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा की जाएगी और इन्हें मंत्री परिषद में उठाया जाएगा।

NPCL ने जताया आभार

नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड ने ऊर्जा मंत्री द्वारा दी गई सराहना पर आभार व्यक्त किया है। एनपीसीएल के प्रवक्ता मनोज झा ने कहा, “हमारी हमेशा से कोशिश रही है कि हम ग्रेटर नोएडा के उपभोक्ताओं को किफायती और बेहतर सेवाएं प्रदान करें। ऊर्जा मंत्री की सराहना से हमारी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। हम इस बात का पूरा प्रयास करेंगे कि ग्रेटर नोएडा के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरें और अपनी सेवाओं में निरंतर सुधार करें।”

एनपीसीएल की यह सफलता न केवल कंपनी की कार्यकुशलता को दर्शाती है, बल्कि प्रदेश सरकार और उपभोक्ताओं के बीच विश्वास को भी मजबूत करती है।।

टिप्पणियाँ बंद हैं।