नई दिल्ली, (12 जून 2025): राजधानी के बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल (BSAH) में 9 जून 2025 को ड्यूटी पर तैनात एक महिला रेज़िडेंट डॉक्टर पर हुए बर्बर हमले ने चिकित्सा समुदाय को झकझोर कर रख दिया है। इस निंदनीय घटना के विरोध में आज दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन (DMA) और जूनियर डॉक्टर नेटवर्क (JDN) दिल्ली के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने अस्पताल का दौरा किया और प्रशासन से इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में DMA अध्यक्ष डॉ. गिरीश त्यागी, JDN दिल्ली अध्यक्ष डॉ. गिरीश तिवारी, और JDN दिल्ली के संयोजक डॉ. ऋषिराज सिन्हा प्रमुख रूप से शामिल रहे। इनके साथ डॉ. गिरीश काली, BSA के उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप, डॉ. एम.एस. तोमर, डॉ. राकेश गुप्ता, और डॉ. रूपेश शर्मा भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर और प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने हेतु सख़्त और प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया।
डॉ. ऋषिराज सिन्हा ने कहा कि यह घटना न केवल चिकित्सा कर्मियों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता पैदा करती है, बल्कि यह इस बात का भी प्रमाण है कि डॉक्टरों पर हमले भारत में एक आम समस्या बनते जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “रेज़िडेंट डॉक्टर इस देश की स्वास्थ्य प्रणाली की रीढ़ हैं, और उनके लिए कार्यस्थल पर न्यूनतम सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिक ज़िम्मेदारी होनी चाहिए।”
JDN दिल्ली ने देशभर की सभी JDN इकाइयों, रेज़िडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (RDA) और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों से आह्वान किया है कि वे इस घटना को चेतावनी स्वरूप लेते हुए अपने-अपने संस्थानों में डॉक्टरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि पीड़ित महिला डॉक्टर की गरिमा और गोपनीयता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है और उनकी व्यक्तिगत जानकारी किसी भी रूप में साझा या प्रसारित न की जाए।
चिकित्सा समुदाय ने एक सुर में यह मांग उठाई है कि इस हमले में शामिल दोषियों के विरुद्ध सख़्त से सख़्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी इस प्रकार की आपराधिक हरकत करने से पहले सौ बार सोचे। घटना ने एक बार फिर यह साबित किया है कि चिकित्सा कर्मियों की सुरक्षा को लेकर अब सिर्फ बातें नहीं, बल्कि ठोस नीति और कार्यान्वयन की ज़रूरत है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।