AI171 हादसा: भारत समेत 4 देशों के 242 यात्री फ्लाइट में थे सवार

टेन न्यूज नेटवर्क

अहमदाबाद (12 जून 2025): अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 एक बड़े हादसे का शिकार हो गई। यह हादसा गुरुवार दोपहर 1:38 बजे उस समय हुआ जब बोइंग 787-8 विमान ने सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (SVPIA), अहमदाबाद से उड़ान भरी थी। इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें यात्रियों और क्रू सदस्यों की संख्या शामिल है।

फ्लाइट में सवार लोगों में 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, 1 कनाडाई नागरिक और 7 पुर्तगाली नागरिक शामिल थे। घटना के बाद पूरे देश में चिंता की लहर दौड़ गई है। हादसे की जानकारी मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की और उन्हें तुरंत अहमदाबाद जाकर स्थिति का जायजा लेने और हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

फिलहाल सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पूरी तरह से अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। सभी उड़ानों का संचालन स्थगित कर दिया गया है और अगली सूचना तक कोई उड़ान रवाना नहीं की जाएगी। अधिकारियों और राहत दलों को मौके पर तैनात कर दिया गया है और बचाव कार्य तेज़ी से जारी है।

अधिकारियों द्वारा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और यात्रियों के परिजनों को हर संभव मदद देने की कोशिश की जा रही है। जनता से शांति बनाए रखने और आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।