दिल्ली में जलभराव से निपटने की हाईटेक तैयारी, CM रेखा गुप्ता ने बाढ़ नियंत्रण को लेकर की बैठक

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (11 जून 2025): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी को जलभराव और बाढ़ से बचाने के लिए बुधवार को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक में जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा, वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य राजधानी में मॉनसून के दौरान जलभराव की स्थितियों से निपटने के लिए हाईटेक निगरानी तंत्र को मजबूत करना और फ्लड कंट्रोल ऑर्डर 2025 के तहत आवश्यक कदम उठाना था।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने बैठक में कहा कि दिल्ली सरकार सभी आपात स्थितियों से निपटने को तैयार है। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि पहले ही सही योजनाएं बनाई गई होतीं तो दो साल पहले आई बाढ़ से राजधानी को इतना नुकसान नहीं झेलना पड़ता। उन्होंने यह भी बताया कि इस बार समय रहते बैराज के गेट खोलने की तैयारी है और डिसिल्टिंग के काम में तेजी लाई गई है।

बैठक में मौजूद मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली के I&FC कंट्रोल रूम से यमुना नदी और 77 प्रमुख नालों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। जलस्तर बढ़ने की स्थिति में यहीं से चेतावनियां जारी की जाती हैं और संबंधित इलाकों में बचाव कार्य शुरू करने का निर्देश दिया जाता है। उन्होंने बताया कि इस मॉनसून में जलभराव से निपटने के लिए अतिरिक्त पंप, स्टाफ और संसाधनों की व्यवस्था की जा चुकी है।

15 जून से मानसून के सक्रिय होने के साथ ही दिल्ली पुलिस, एसडीएम, नगर निगम और अन्य विभागों के अधिकारी एक समन्वित नियंत्रण कक्ष से काम करेंगे। इस व्यवस्था के तहत न केवल जलभराव पर तत्काल प्रतिक्रिया दी जाएगी, बल्कि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित निकालने की रणनीति भी पहले से तय रहेगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जोर देकर कहा कि यह सिर्फ कागजों की तैयारी नहीं है, बल्कि जमीन पर काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, सैटेलाइट डेटा और रियल टाइम वॉटर लेवल मॉनिटरिंग सिस्टम के ज़रिए दिल्ली को जलभराव से बचाने का यह अब तक का सबसे बड़ा और ठोस अभियान है। सरकार का उद्देश्य साफ है कि इस बार राजधानी की सड़कों पर पानी नहीं, तैयारी बहेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।