Yamuna Expressway पर रील बनाने के चक्कर में स्टंटबाजी, दो स्कॉर्पियो पर जुर्माना
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (11 जून 2025): यमुना एक्सप्रेसवे (Yamuna Expressway) पर सोशल मीडिया के लिए रील बनाने के उद्देश्य से की गई खतरनाक स्टंटबाजी का मामला सामने आया है। वायरल हो रहे एक वीडियो में दो स्कॉर्पियो गाड़ियाँ एक्सप्रेसवे के बीचोबीच तेज रफ्तार में स्टंट करती दिखाई दे रही हैं। इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही ट्रैफिक पुलिस हरकत में आ गई और गाड़ियों की पहचान कर संबंधित कार्रवाई की।
पुलिस ने वीडियो के आधार पर दोनों स्कॉर्पियो वाहनों की पहचान करते हुए उन पर ₹56,000-₹56,000 का चालान जारी किया है। यह कार्रवाई मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत की गई, जिसमें तेज रफ्तार, सार्वजनिक सड़क पर स्टंटबाजी और अन्य ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को लेकर चालान काटा गया।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब प्रशासन एक्सप्रेसवे और अन्य प्रमुख मार्गों पर सख्ती से निगरानी कर रहा है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की चाह में युवा वर्ग ऐसी जानलेवा गतिविधियों में लिप्त होता नजर आ रहा है।
पुलिस का कहना है कि यह न केवल ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
युवाओं में रील बनाने का बढ़ता चलन
ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) समेत एनसीआर (NCR ) क्षेत्र में रीलबाज युवाओं की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल होने के लिए कई युवा ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते हुए खुलेआम स्टंट करते हैं।
प्रशासन ऐसे मामलों को गंभीरता से ले रहा है और विशेष टीमों के माध्यम से सोशल मीडिया की निगरानी की जा रही है। साथ ही हाईवे पर सीसीटीवी कैमरों और पेट्रोलिंग को और अधिक मजबूत किया गया है।
पुलिस की अपील
नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों पर नजर रखें और उन्हें जिम्मेदारी से वाहन चलाने की सीख दें। सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने की होड़ में जीवन से खिलवाड़ न करें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस प्रकार के मामलों में वाहन जब्त करने और ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने जैसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।