भीषण हादसा: घने कोहरे के कारण दादरी बाईपास पर एक के बाद एक कई वाहनों की टक्कर
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (18 दिसंबर 2024): ग्रेटर नोएडा के दादरी बाईपास पर बुधवार सुबह घने कोहरे की वजह से एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें आधा दर्जन से अधिक वाहन आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में दो लोग मामूली रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारण इस मार्ग पर करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
यह दुर्घटना दादरी थाना क्षेत्र के बिसाहड़ा फ्लाईओवर से बुलंदशहर जाने वाले मार्ग पर हुई। सुबह के वक्त घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता (विजिबिलिटी) बेहद कम हो गई थी। इसी दौरान एक महिंद्रा मैक्स और कैंटर के बीच टक्कर हो गई। इसके बाद पीछे आ रहे कई अन्य वाहन भी आपस में भिड़ गए। बताया जा रहा है कि कुल मिलाकर करीब छह वाहन इस हादसे में शामिल हुए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत वाहनों से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटाया गया, जिससे यातायात को सामान्य किया जा सका। पुलिस ने बताया कि हादसे में दो लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई है। दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि घने कोहरे के कारण सड़क पर दृश्यता बहुत कम हो गई थी, जिससे यह हादसा हुआ। इस दौरान वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।