पूर्वांचल हाईट्स में महिला के साथ गुंडागर्दी, रसूखदार हमलावरों पर पुलिस मौन?
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (08 जून, 2025): ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्र स्थित पूर्वांचल हाईट्स सोसाइटी में शनिवार को दिनदहाड़े एक महिला पर चार अन्य महिलाओं द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता जयश्री गुप्ता पत्नी अतुल कुमार गुप्ता, निवासी A2/503, टावर नंबर 1, ने आरोप लगाया है कि टावर 6 की निवासी रेखा भाटी, पूनम भाटी, प्रियंका नागर और एक अन्य महिला उनके फ्लैट पर पहुंची और कार को रिवर्स करते समय टक्कर लगने की बात कहकर बुरी तरह मारपीट की।

पीड़िता के अनुसार, हमले में उनके सिर, आंख और हाथ पर गंभीर चोटें आईं, जिससे खून बहा और फर्श तक लहूलुहान हो गया। जब उनकी बेटियों आयशा और टिया ने बचाने की कोशिश की, तो उनके साथ भी गाली-गलौच और धक्का-मुक्की की गई।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि हमलावर महिलाएं स्थानीय रसूखदार परिवारों से हैं और इसी कारण पुलिस शुरुआती कार्रवाई में मूकदर्शक बनी रही। हालांकि, पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, इस घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है और पीड़िता की मेडिकल जांच कराते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि “उक्त प्रकरण के सम्बन्ध में थाना सूरजपुर क्षेत्रान्तर्गत पूर्वांचल हाइट सोसायटी में एक महिला (प्रथम पक्ष) द्वारा कार बैक करते समय दूसरी महिला (द्वितीय पक्ष) की कार में टक्कर लग गयी थी। इस सम्बन्ध में बात करने के लिए द्वितीय पक्ष की महिला अन्य तीन महिलाओं के साथ प्रथम पक्ष महिला के पास उनके फ्लैट पर गयी तो उनके बीच कार में टक्कर लगने की बात को लेकर मारपीट हो गयी। जिसमें प्रथम पक्ष की महिला को सिर में चोट आयी है जिनको डॉक्टरी के लिये अस्पताल भेजा गया है, पीड़िता से तहरीर प्राप्त कर अभियोग पंजीकृत करते हुए अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।