सूरजपुर में पुलिस और शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से घायल हुआ अपराधी

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (8 जून 2025): सूरजपुर थाना क्षेत्र में शनिवार रात पुलिस और एक कुख्यात बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाश को पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश की पहचान प्रियांशुल उर्फ प्रांशुल के रूप में हुई है, जो प्रयागराज का मूल निवासी है और फिलहाल गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में रह रहा था। उसकी उम्र लगभग 35 वर्ष बताई गई है।

कैसे हुई मुठभेड़:

यह मुठभेड़ मोजर बीयर गोल चक्कर के पास उस समय हुई जब पुलिस कचहरी रोड पर चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान एक हीरो स्प्लेंडर बाइक, जिस पर नंबर प्लेट नहीं थी, तेज रफ्तार में आती दिखी। पुलिस ने बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने लगा।

भागने के दौरान उसकी बाइक फिसल गई, जिसके बाद वह रेलवे लाइन के पास स्थित जंगल की ओर भाग गया और वहां छिपकर फिर से पुलिस पर गोली चलाने लगा। पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

हथियार और सामान बरामद:

पुलिस को आरोपी के पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, चार चोरी के मोबाइल फोन और बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई है।

अपराधिक इतिहास:

प्रांशुल का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा है। गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर में उसके खिलाफ कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, वह एक शातिर लुटेरा है और घटना के दिन भी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।

पुलिस कर रही है विधिक कार्रवाई:

घायल बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए भेजा गया है। वहीं, पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।