जेवर में भीषण सड़क हादसा: CISF जवान की मौत, एक अन्य गंभीर रूप से घायल

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (8 जून 2025): ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के एक जवान की मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जेवर के खुर्जा रोड स्थित बंकापुर गांव के समीप हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार, मृतक जवान की पहचान बुलंदशहर जिले के गांव हसनपुर निवासी 33 वर्षीय शीशपाल सिंह के रूप में हुई है। वह वर्तमान में CISF में तैनात थे और छुट्टी पर अपने पैतृक गांव आए हुए थे। शनिवार को वह अपनी ड्यूटी पर लौटने के लिए घर से निकले थे। उन्हें गांव के ही एक परिजन जितेंद्र कुमार यमुना एक्सप्रेसवे तक छोड़ने के लिए बाइक पर साथ जा रहे थे।

जैसे ही दोनों बंकापुर गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने शीशपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि जितेंद्र कुमार की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

जेवर थाना पुलिस का कहना है कि फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। जैसे ही शिकायत दर्ज की जाएगी, मामले की विस्तृत जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। शीशपाल सिंह के निधन से उनके परिवार और ग्रामीणों में गहरा दुख है। पुलिस प्रशासन की ओर से हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।