60 मीटर रोड से 130 मीटर रोड को जोड़ने के लिए निर्माण कार्य शुरू l ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण

टेन न्यूज़ नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (07 जून 2025): ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच ट्रैफिक जाम की समस्या को दूर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सेक्टर-3 के पास 60 मीटर रोड को नॉलेज पार्क-5 के पास स्थित 130 मीटर रोड से जोड़ने के लिए 80 मीटर चौड़ी नई सड़क के निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी गई है। यह सड़क लगभग 2200 मीटर लंबी होगी और इसके निर्माण पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मानसूनी बारिश से पहले इस परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।

इस सड़क के निर्माण में अब तक देरी का कारण भूमि विवाद था, लेकिन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एन. जी. रवि कुमार की सक्रिय पहल और किसानों से संवाद के बाद यह अवरोध समाप्त हो गया है। इसके परिणामस्वरूप, अब निर्माण कार्य तेज़ी से प्रगति पर है। सड़क तैयार होने के बाद 60 मीटर रोड पर ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा और सेक्टर-3 से नॉलेज पार्क-5 तक पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा। इससे ना केवल यात्रा में लगने वाला समय घटेगा, बल्कि ईंधन की भी बचत होगी।

प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि ग्रेटर नोएडा व ग्रेनो वेस्ट को जोड़ने वाली 60 मीटर रोड पर वर्तमान में भारी ट्रैफिक रहता है। इसी को देखते हुए 80 मीटर चौड़ी वैकल्पिक सड़क का निर्माण किया जा रहा है, जिससे आवागमन अधिक सुगम और सुविधाजनक हो सकेगा। साथ ही, प्राधिकरण द्वारा ग्रेटर नोएडा वेस्ट में अंडरपास, यूटर्न और सड़कों के चौड़ीकरण जैसे कई अन्य कार्य भी किए जा रहे हैं, ताकि क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।

यह परियोजना न केवल यातायात को सहज बनाएगी, बल्कि ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट के बीच के विकास को भी एक नई गति प्रदान करेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।